
sagar
वर्ष 2024 की विदाई मंगलवार को हुई। वर्ष के आखिरी दिन शहर के मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से शहर कोहरे के आगोश में रहा। सुबह विजिबिलिटी 500 मीटर से कम हो गई। सड़कों पर सुबह 11 बजे तक वाहन लाइट चालू करके आवागमन करते नजर आए। दोपहर 12 बजे के बाद सूर्य देवता के दर्शन हुए और दिनभर धूप-छांव का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 20.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया कि शहर के तापमान में अब लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। ठंड से राहत नहीं मिलेगी। कुछ दिनों तक शीतलहर चलना सामान्य है। सीवियर कोल्ड की वजह से कंपकंपाने वाली ठंड परेशान करेगी। न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद अति शीतलहर चलेगी। इस बार 15 दिन के औसत कोहरा रहने की संभावना है। अभी 5 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। सुबह और शाम कोहरा रहेगा। हल्की से मध्यम वर्षा अंकित की जा सकती है। ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक का मौसम भी बन सकता है।
1934 में 1.7 डिग्री तक रहा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार इस माह का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रह सकता है। इस माह की औसत वर्षा 13 मिमी है। वर्षा के दिनों की औसत संख्या 1 है। 13 जनवरी 1934 को न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उच्चतम अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस 26 जनवरी 2009 को दर्ज किया गया था। 24 घंटे में सर्वाधिक 84.1 मिमी बारिश 13 जनवरी 1887 को तथा सर्वाधिक कुल मासिक वर्षा 180.6 मिमी सन 1948 में दर्ज की गई थी।
पिछले वर्षों में जनवरी का न्यूनतम तापमान
वर्ष तापमान
2024 3.7
2023 4.6
2022 5.0
2021 5.2
2020 5.4
2019 4.0
(नोट-तापमान डिग्री सेल्सियस में है)
Published on:
01 Jan 2025 04:54 pm
