सागर. घरों के बाहर खड़े चार पहिया वाहनों से पहिया चुराने वाले बदमाश को पकडऩे में गोपालगंज पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना के बाद क्रिश्चियन कॉलोनी में रहने वाले इस 18 वर्षीय युवक को दबोच लिया। उसके पास से छह पहिए और चोरी के उपयोग की जाने वाली कार जब्त की गई है। पुलिस उससे पहिया चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
शहर में एक महीने से चार पहिया वाहनों के पहिया चोरी की वारदातों से लोग परेशान थे। आए दिन घरों के सामने खड़े वाहनों से अज्ञात बदमाश पहिया चुरा रहे थे। सबसे ज्यादा पहिया चोरी की वारदातें गोपालगंज थाना क्षेत्र में होने से पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाश की पहचान करने के साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया था। इसके चलते रविवार सुबह पुलिस को जैसे ही सूचना लगी टीआई कमल सिंह ठाकुर ने मौके पर टीम रवाना कर युवक अभिषेक जार्ज को दबोच लिया। पुलिस को देख वह हड़बड़ा गया। जब उससे पूछताछ के बाद तलाशी ली तो मकान में रखे अलग- अलग कारों के छह पहिए वहां मिल गए। चोरी सामने आने पर पुलिस ने मौके से चार पहिया वाहनों के पहिए व चोरी करने में उपयोग की गई कार जब्त कर ली।
– कार से रेकी करने के बाद चुराता था पहिए:-
गोपालगंज टीआई कमल सिंह ठाकुर ने बताया कि पिछले दिनों हुई पहिया चोरी की वारदात के बाद क्षेत्र में बदमाशों की हरकतों पर नजर रखे हुए थी। रविवार को बदमाश को दबोचकर उससे चुराए गए पहिए बरामद किए गए हैं। क्रिश्चियन कॉलोनी में रहने वाला अभिषेक जार्ज (18) रात को कार में सवार होकर निकलता था और सुनसान जगह खड़ी कार से जैक लगाकर पहिया चुराता था। पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। उसके द्वारा गोपालगंज, वृंदावन वार्ड, आकाशवाड़ी कॉलोनी व अन्य जगह से सुनसान खड़े वाहनों से पहिए चुराना स्वीकार किया गया है।