
कार सवार बदमाशों ने चंद्रशेखर पर फायरिंग की है।
Attack on Chandrashekhar Azad: सहारनपुर में भीम आर्मी प्रमुख और दलित नेता चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। बुधवार को देवबंद इलाके में चंद्रशेखर आजाद के गाड़ी पर कार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया है। इस जानलेवा हमले में चंद्रशेखर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए देवबंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ लगी हुई है।
वहीं, पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है और इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों की गिरफ्तारी में जुट गई है। जानकारी अनुसार जिला कलेक्टर और एसएसपी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। साथ ही आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
कार्यकर्ता के घर से निकलते ही लगी गोली
बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर अपनी फॉर्चूनर कार से देवबंद में संगठन के एक साथी एडवोकेट अजय के घर गए थे। अजय की मां का 2 दिन पहले निधन हो गया था। चंद्रशेखर जैसे ही अजय के घर से निकले, तभी अचानक उनकी गाड़ी पर हरियाणा नंबर कार से आए हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली चंद्रशेखर के पेट से छूकर निकल गई। फायरिंग में कार के शीशे टूट गए हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
गाड़ी में चंद्रशेखर समेत 5 लोग थे: भीम आर्मी चीफ
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक भीम आर्मी चीफ ने बताया, "मुझे याद नहीं है लेकिन मेरे लोगों ने उनकी पहचान की है। उनकी गाड़ी आगे सहारनपुर की तरफ भागी। हमने यू टर्न ले लिया। हमारी गाड़ी अकेली ही थी, कुल 5 लोग थे। हमारे साथी डॉक्टर को भी शायद गोली लगी है।"
पार्टी बोली- ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य
आजाद समाज पार्टी ने ट्वीट कर लिखा, "सहारनपुर के देवबंद में भीम आर्मी चीफ और राष्ट्रीय अध्यक्ष भाई चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य है! आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी , सख्त कार्रवाई और राष्ट्रीय अध्यक्ष भाई चंद्रशेखर आजाद सुरक्षा की मांग करते हैं!"
चंद्रशेखर पर जानलेवा हमला बेहद निंदनीय: आरएलडी
चंद्रशेखर पर राष्ट्रीय लोकदल की प्रतिक्रिया सामने आई है। आरएलडी ने ट्वीट करते हुए लिखा, "आजाद पार्टी के मुखिया पर जानलेवा हमला बेहद निंदनीय है। ये उत्तर प्रदेश में व्याप्त अराजकता और भाजपा सरकार के कानून व्यवस्था की गड़बड़ी का सबूत है। राष्ट्रीय लोकदल दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी व चंद्रशेखर आजाद जी की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करता है।"
इस मामले पर एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया, "आधे घंटे पहले चंद्रशेखर आज़ाद के काफिले पर कुछ कार सवार हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की थी। एक गोली उनके पास से निकल गई. वह ठीक हैं और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चन्द्रशेखर भीम आर्मी के सह-संस्थापक और अध्यक्ष हैं। वे अंबेडकरवादी कार्यकर्ता और वकील हैं। आजाद, सतीश कुमार और विनय रतन सिंह ने 2014 में भीम आर्मी की स्थापना की। यह संगठन भारत में शिक्षा के माध्यम से दलित हिंदुओं की मुक्ति के लिए काम करता है।
Updated on:
28 Jun 2023 06:12 pm
Published on:
28 Jun 2023 06:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
