धोखाधड़ी और गबन के आरोपों में जेल में बंद सहारनपुर के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर सुशील गाबा इन दिनों सहारनपुर जेल में बंद है। शुक्रवार को उसकी पत्नी नमिता उससे मुलाकात करके घर वापस लौट रही थी। नमिता अपने ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के साथ जेल से निकल कर घर की ओर रवाना ही हुई थी कि एसएसपी आवास के पास पीछे से आए बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से दहशत फैल गई, नमिता गाबा और उसके ड्राइवर कार की सीटों के नीचे दुबक गए और उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तेजी से बाइक मोड़ कर फरार हो गए। वहीं, हमलावरों के चले जाने के बाद पहले ड्राइवर नीचे उतरा और फिर नमिता बाहर निकली। इस घटना से नमिता उसका ड्राइवर और कार में सवार तीसरा व्यक्ति बेहद घबराए हुए हैं। वहीं, जब पुलिस को दिनदहाड़े एसएसपी आवास के पास फायरिंग की सूचना मिली तो पुलिस भी मौके पर दौड़ पड़ी। पुलिस ने फरार हुए बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।