जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष और दारुल उलूम देवबंद के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना अरशद मदनी ने शनिवार को देवबंद स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि देश में दिनों दिन बढ़ रही नफरत के खिलाफ मोहब्बत का पैगाम आम करते हुए उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से उनके दफतर जाकर मुलाकात की। वर्तमान हालात में चारों ओर नफरत का माहौल गर्म है। ऐसे में अपनी फिक्र के बजाए देश की फिक्र करना जरूरी है। मौलाना ने बताया कि हमने सर संघ संचालक मोहन भागवत के सामने अपना यह नजरिया पेश किया कि वर्तमान परिस्थितियों में अगर मिलकर साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए काम नहीं किया गया तो आने वाला वक्त केवल अल्पसंख्यकों के लिए ही नहीं, बल्कि देश में रहने वाले हर एक व्यक्ति के लिए नुकसानदेह साबित होगा।