
प्रतीकात्मक फोटो ( श्रोत सहारनपुर पुलिस )
Saharanpur Crime उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की यह घटना आपको हैरान कर देगी। यहां तीन छात्राएं स्कूल बंक करके अपने दोस्तों से मिलने चली गई। स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं के स्कूल ना पहुंचने की खबर परिजनों को दे दी। दो छात्राएं एक युवक के साथ कमरे के अंदर थी। छात्राओं के परिजन भी वहीं पहुंच गए। परिजनों ने बाहर से दरवाजा खटखटाया तो छात्राएं डर गई। युवक, छत के रास्ते से फरार हो गया और जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो दोनों छात्राएं फंदे पर लटकी हुई मिली। इनमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरी की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह घटना सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र की है। यहां के एक स्कूल में पढ़ने वाली 11वी कक्षा की तीन छात्राओं ने स्कूल बंक कर दिया। स्कूल वालों ने छात्राओं के स्कूल ना पहुंचने की खबर उनके परिजनों के दी तो हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने छात्राओं की तलाश शुरू की तो सहेलियों से बात करने पर पता चला कि छात्राएं चिलकाना के रहने वाले दक्ष शर्मा नाम के युवक से मिलने गई है। इस पर परिजन दक्ष के घर पहुंचे तो पता चला कि अंदर कमरे में छात्राएं और दक्ष मौजूद हैं। परिवार वालों ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से दरवाजा नहीं खुला। दोनों छात्राएं काफी डर गई। आरोप है कि युवक छत के रास्ते से फरार हो गया और डरकर दोनों छात्राओं ने फांसी लगा ली। इनमें जो एक छात्रा नाबालिग की थी उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी फंदा टूट जाने से बच गई लेकिन उसकी भी हालत गंभीर है। दरवाजा तोड़कर परिजन आनन-फानन में दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे तो वहां नाबालिग छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया।
स्कूल बंक करके तीन छात्राएं निकली थी लेकिन अभी तक हमने आपको सिर्फ दो छात्राओं के साथ घटी घटना के बारे में बताया है। आप सोच रहे होंगे कि तीसरी छात्रा का क्या हुआ ? पुलिस के अनुसार जब तलाश की गई तो तीसरी छात्रा अपने एक अन्य दोस्त के साथ बेहट क्षेत्र में घूमती हुई मिली। इस घटना से छात्राओं के घर पर कोहराम मचा हुआ है और युवक के परिवार वाले फरार है। दरअसल पुलिस ने आरोपी युवक दक्ष शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों में FIR दर्ज की है। घटना के बाद से आरोपी युवक फरार है। पुलिस इसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इस पूरे प्रकरण में अभी यह भी साफ नहीं हो रहा है कि जिस छात्रा की मौत हुई है उसने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या की गई है। परिजन बेटी की हत्या का भी आरोप लगा रहे हैं। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत और सुराग जुटाने की कोशिश की है। पैनल ऑफ एक्सपर्ट से छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक दक्ष शर्मा के खिलाफ छात्राओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों में FIR दर्ज की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप चौहान का कहना है कि पुलिस हर एंगल से इस पूरी घटना की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी दक्ष शर्मा की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने उसके आशंकित ठिकानों पर दबिश दी है लेकिन शाम तक पुलिस को इस मामले में सफलता नहीं मिली थी। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
Updated on:
13 Aug 2026 09:27 pm
Published on:
13 Aug 2026 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
