
मुजफ्फरनगर के गांव मोरना में पड़ोसियों से तंग आकर एक परिवार ने अपने घर पर पलायन का पोस्टर लगा दिया। परिवार ने घर पर लिखा कि वह घर बेच रहे हैं और मजबूरन गांव छोड़ रहे हैं। जब इस बात का पता पुलिस को चला तो पुलिस क्षेत्राधिकारी गांव पहुंचे और परिवार से बात की। इसके बाद पुलिस अफसरों ने परिवार को आश्वस्त किया और कहा कि उनकी बात सुनी जाएगी, उनकी परेशानी का समाधान किया जाएगा। पुलिस अफसरों के समझाने पर फिलहाल परिवार ने घर से पोस्टर हटा दिए हैं।
जानिए पूरा मामला
भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना के रहने वाले इस परिवार की युवती पारुल मित्तल ने बताया कि, पड़ोसी से विवाद है । पारुल के अनुसार उनका परिवार घर के बाहर चबूतरा बनवा रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों ने आकर मारपीट कर दी और उनके घर की दीवार भी तोड़ दी। इस सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी लेकिन पारुल और उसके परिवार का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। आरोपों के ही अनुसार अगले दिन पड़ोसियों ने उनका शौचालय भी तोड़ दिया। इस तरह पड़ोसियों की हरकतें हर दिन बढ़ती जा रही थी। परिवार के मुताबिक पुलिस के ढुलमुल रवैये और पड़ोसियों की बढ़ती हरकतों से परेशान होकर उन्हे मजबूरन गांव छोड़ना पड़ रहा है।
इस पूरे मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी सीओ राम आशीष यादव का कहना है कि दोनों पक्षों में निर्माण को लेकर विवाद था। दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। अब अगर कोई निर्माण होगा तो दोनों पक्षों की सहमति से ही होगा। दोनों पक्षों को सख्त चेतावनी दी गई है कि अगर बिना सहमति के कोई भी कार्य हुआ या मारपीट हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार को भी भरोसा दिलाया है कि उनकी बात सुनी जाएगी।
Published on:
19 Jan 2023 07:42 am
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
