27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इज्जत के नाम पर बेटी की हत्या: प्रेम की कीमत चुकानी पड़ी रूपजहां को, पिता-बेटों ने मिलकर रची खौफनाक साजिश

Sambhal News: यूपी के संभल में प्रेम संबंध के चलते युवती रूपजहां की ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Feb 27, 2026

honor killing sambhal roopjahan murder

इज्जत के नाम पर बेटी की हत्या..

Honor Killing in Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र स्थित मतावली पट्टी जग्गू गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव की रहने वाली युवती रूपजहां की निर्मम हत्या कर दी गई। यह मामला सामने आते ही पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया। युवती की हत्या के पीछे परिवार की ‘इज्जत’ को लेकर की गई साजिश सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया।

पिता की गिरफ्तारी, कबूलनामा बना बड़ा सबूत

पुलिस ने रूपजहां की हत्या में शामिल उसके पिता नौशे को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने चौंकाने वाला बयान दिया। उसने कहा कि उसे बेटी की मौत का कोई अफसोस नहीं है, क्योंकि वह पूरे गांव में परिवार की बदनामी कर रही थी। आरोपी के इस बयान ने साफ कर दिया कि यह हत्या सोची-समझी साजिश के तहत की गई।

दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम बना विवाद

जानकारी के अनुसार, रूपजहां का गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक शिवम सैनी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती 18 फरवरी को अपने प्रेमी के साथ अमरोहा जिले के एक गांव में जाकर रहने लगी थी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो गांव में पंचायत स्तर पर दबाव बनाया गया। अगले ही दिन युवती को वापस गांव लाया गया, जिसके कुछ घंटों बाद उसकी हत्या कर दी गई।

प्रधानपति पर सौदेबाजी का आरोप

जांच में सामने आया कि ग्राम प्रधानपति लेखराज, गांव निवासी बॉबी और कुलदीप युवती को प्रेमी के पास से वापस लाकर परिजनों को सौंपने में शामिल थे। पिता नौशे ने आरोप लगाया कि युवती को घर वापस लाने के बदले प्रधानपति समेत तीन लोगों को डेढ़ लाख रुपये दिए गए थे। पुलिस ने इन तीनों को हत्या की साजिश में शामिल मानते हुए आरोपी बनाया है और उनकी तलाश जारी है।

झूठी कहानी से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

घटना की रात युवती के भाई जानेआलम ने यूपी 112 पुलिस को फोन कर सूचना दी थी कि उसने अकेले ही बहन की हत्या की है और परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में गए हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो जांच में यह दावा झूठा निकला। किसी रिश्तेदार के घर शादी नहीं थी और परिवार के सदस्य कुछ देर पहले तक घर पर ही मौजूद थे।

सख्ती के बाद खुला ऑनर किलिंग का राज

पुलिस की सख्ती के बाद जानेआलम ने सच उगल दिया। उसने कबूल किया कि हत्या में उसके पिता नौशे और बड़ा भाई गुड्डू भी शामिल थे। पहले युवती की बेरहमी से पिटाई की गई, फिर रस्सी से गला दबाकर उसकी जान ली गई। यह पूरी वारदात ‘ऑनर किलिंग’ का मामला निकली, जिसमें परिवार ने प्रेम को अपराध मान लिया।

प्रेमी की मां की तहरीर से खुला मामला

युवती के प्रेमी की मां हरप्यारी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रूपजहां की हत्या उसकी मोहब्बत की वजह से की गई है। इसी तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। शुरुआती जांच में जानेआलम को गिरफ्तार किया गया, बाद में साजिश में शामिल पिता और दूसरे भाई की भूमिका सामने आई।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी तीन टीमें

मामले में पुलिस ने पिता नौशे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा भाई गुड्डू और हत्या की साजिश में शामिल तीन अन्य आरोपी फरार हैं। सीओ असमोली कुलदीप सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस लगातार दबिश दे रही है।