8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संभल में ईंट भट्टे पर बुजुर्ग महिला से गैंगरेप का आरोप: पति को शराब लेने भेजा, लौटे तो खून से लथपथ मिली पत्नी

Sambhal Crime: संभल के चंदौसी क्षेत्र में ईंट भट्टे पर चौकीदारी करने वाली 60 वर्षीय महिला से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप भट्टा मालिक समेत तीन लोगों पर है। पीड़िता की हालत गंभीर है, जबकि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

May 20, 2026

संभल में ईंट भट्टे पर बुजुर्ग महिला से गैंगरेप का आरोप..

Elderly Gangrape Case Sambhal:उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक शर्मनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित ईंट भट्टे पर चौकीदारी करने वाली 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप भट्टा मालिक और उसके दो साथियों पर लगा है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रोजी-रोटी के लिए भट्टे पर करते थे चौकीदारी

जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ काफी समय से संभल के इस ईंट भट्टे पर चौकीदारी का काम कर रहे थे। दोनों पति-पत्नी मजदूरी और चौकीदारी कर अपना जीवन यापन करते थे। पीड़ित पति का आरोप है कि मंगलवार देर रात भट्टा मालिक विकास अपने दो साथियों के साथ गाड़ी में वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान उसे शराब लाने के बहाने वहां से भेज दिया।

पति के जाते ही महिला के साथ की गई दरिंदगी

पीड़ित पति के मुताबिक, जैसे ही वह शराब लेने के लिए वहां से निकला, तीनों आरोपियों ने उसकी पत्नी को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे बुरी तरह दबोच लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर बुजुर्ग महिला के साथ गैंगरेप किया। घटना के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी खून बहने लगा।

लौटने पर पति के उड़े होश

जब बुजुर्ग पति शराब लेकर वापस लौटा, तो वहां का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसकी पत्नी खून से लथपथ हालत में पड़ी थी और बेहद डरी हुई थी। पति ने जब आरोपियों का विरोध किया तो उसे भी धमकाया गया। आरोप है कि भट्टा मालिक और उसके साथियों ने जान से मारने और चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद पति किसी तरह अपनी पत्नी को लेकर आधी रात को चंदौसी कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

महिला की हालत बिगड़ने पर अस्पताल रेफर

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी भेजा। वहां डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए बुधवार सुबह उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल रेफर कर दिया। अस्पताल में महिला का इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया गैंगरेप का मुकदमा

पीड़िता के पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भट्टा मालिक विकास और उसके दो साथियों के खिलाफ गैंगरेप समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनीं दो टीमें

एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने बताया कि महिला के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।