
संभल में सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने खुद कराई स्व-जनगणना..
MP Barq Sambhal: संभल से समाजवादी पार्टी सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने बुधवार को अपने आवास पर स्व-जनगणना कराकर लोगों को जनगणना प्रक्रिया में भाग लेने का संदेश दिया। सांसद ने थाना नखासा क्षेत्र के दीपा सराय स्थित बर्क मंजिल आवास पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कराई और आधिकारिक आईडी भी बनवाई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
स्व-जनगणना के दौरान एसडीएम निधि पटेल स्वयं मौके पर मौजूद रहीं। उनके साथ लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने भी प्रक्रिया को पूरा कराया। अधिकारियों ने सांसद की सभी जानकारियां डिजिटल पोर्टल पर दर्ज कीं और उन्हें HLO आईडी उपलब्ध कराई। प्रशासन का कहना है कि शासन के निर्देशों के अनुसार हर नागरिक को जनगणना प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो नागरिक डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, वे आगे आकर स्वयं गणना करें। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी टीमें घर-घर पहुंचती हैं तो लोगों को बिना किसी हिचक के सही और पूरी जानकारी देनी चाहिए। सांसद ने कहा कि सही आंकड़े भविष्य में नागरिकों के अधिकार, योजनाओं में हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जनगणना की टीमें हर घर तक पहुंचें, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से बाहर न रह जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कमजोर वर्गों के कई लोग अभी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह हर नागरिक तक पहुंचकर उसकी जानकारी सही तरीके से दर्ज करे। सांसद ने इसे सामाजिक समानता और पारदर्शिता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।
सांसद ने कहा कि देश में जनगणना प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हो चुका है, जिसमें फिलहाल मकानों और परिवारों की गणना की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उस आश्वासन का जिक्र किया जिसमें दूसरे चरण में जातिगत गणना शामिल करने की बात कही गई थी। जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि विपक्ष लगातार जातिगत जनगणना की मांग करता रहा है, क्योंकि इससे समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
सांसद ने बताया कि मूल रूप से राष्ट्रीय जनगणना वर्ष 2021 में आयोजित होनी थी, लेकिन कोरोना महामारी के चलते पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो गई। इसके बाद से विपक्षी दल लगातार सरकार पर जल्द जनगणना कराने का दबाव बना रहे थे। खासतौर पर जातिगत आंकड़ों को शामिल करने की मांग राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर जोर पकड़ती रही। सांसद ने कहा कि सरकार ने इस विषय पर सहमति जताई है और दूसरे चरण में जातिगत आंकड़े जुटाने की तैयारी की जा रही है।
एसडीएम निधि पटेल ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत सांसद की स्व-गणना कराई गई है। उन्होंने कहा कि जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के लिए प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते अपनी जानकारी दर्ज करा सकें।
Published on:
13 May 2026 10:01 pm
बड़ी खबरें
View Allसम्भल
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
