
परिवार को बंधक बनाने वाले 3 लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे..
Encounter Loot Sambhal: संभल जिले में पुलिस ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान एक बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद दबोचा गया, जबकि एक अन्य आरोपी घटना के समय छत से गिरकर घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार गिरोह का एक हिस्ट्रीशीटर सदस्य अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के बुद्धनगर खंडवा मार्ग पर हुई, जब पुलिस ने अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में एक आरोपी रवि पुत्र रामप्रसाद को गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद फरार आरोपी राहुल पुत्र हरीश को भी पकड़ लिया गया। पुलिस की सतर्कता और लगातार दबाव के चलते आरोपी ज्यादा देर तक छिप नहीं सका और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में तीसरा आरोपी नसीम पुत्र बशीर अहमद है, जो घटना के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने उसे इलाज के बाद गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ में लूट की पूरी साजिश और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी सामने आई है।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपक तिवारी ने चंदौसी कोतवाली में प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य राजेंद्र, जो मुरादाबाद का हिस्ट्रीशीटर है, अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल, 30 हजार रुपये नकद और दो कुंडल बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने कुल 5 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था, जिसमें नकदी के साथ-साथ सोने-चांदी के आभूषण भी शामिल थे। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हुई है।
Updated on:
29 Mar 2026 07:16 pm
Published on:
29 Mar 2026 07:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
