
संभल में फसल बचाने का निकाला अनोखा जुगाड़ | Image Video Grab
Farmer dresses as bear Sambhal: संभल जिले के फिरोजपुर गांव में इन दिनों बंदरों का आतंक किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। हालात ऐसे हैं कि घर से लेकर खेत तक कोई भी सुरक्षित नहीं है। बंदर न केवल खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं, बल्कि फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
बंदरों के बढ़ते हमलों से परेशान होकर किसानों ने अब एक अनोखा और चौंकाने वाला तरीका अपनाया है। गांव के कई किसान भालू की पोशाक पहनकर खेतों की रखवाली कर रहे हैं। उनका मानना है कि इस रूप को देखकर बंदर डरकर भाग जाते हैं, जिससे फसलों को कुछ हद तक बचाया जा सकता है।
फिरोजपुर गांव में बंदरों की समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि यह लंबे समय से किसानों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। ग्रामीण अनमोल गर्ग बताते हैं कि बंदर इतनी तेजी से हमला करते हैं कि जरा सी चूक होने पर वे भारी नुकसान कर देते हैं। कभी घरों से रोटी और खाने का सामान ले जाते हैं तो कभी कपड़े और अन्य चीजों को भी खराब कर देते हैं।
गांव के किसान धर्मवीर का कहना है कि खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है, लेकिन बंदरों के कारण उन्हें लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने भालू की पोशाक खरीदी और अब दिनभर उसे पहनकर खेतों में निगरानी करनी पड़ती है, ताकि फसल को बचाया जा सके।
किसान शमशाद बताते हैं कि बंदरों का आतंक इतना ज्यादा है कि उन्हें डराने के लिए दिनभर भालू की पोशाक में रहना पड़ता है। जरा सी लापरवाही होने पर बंदर पूरी फसल को बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है और इसका कोई स्थायी समाधान नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेगा, ताकि उन्हें इस तरह के अनोखे और कठिन उपाय अपनाने के लिए मजबूर न होना पड़े।
Published on:
17 Mar 2026 05:31 pm
बड़ी खबरें
View Allसम्भल
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
