15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संभल में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक-स्कूटी की भीषण भिड़ंत में तीन घरों के चिराग बुझे, दो की हालत नाजुक

Sambhal Accident: यूपी के संभल में इस्लामनगर रोड पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Mar 15, 2026

sambhal road accident 3 youth died

संभल में दर्दनाक सड़क हादसा..

Sambhal Road Accident: संभल जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

इस्लामनगर रोड पर हुई तेज टक्कर

यह हादसा रविवार शाम करीब 07:30 बजे बहजोई थाना क्षेत्र के इस्लामनगर रोड पर गांव मिर्जापुर के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक और स्कूटी दोनों तेज रफ्तार में थीं। जैसे ही दोनों वाहन आमने-सामने आए, जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

तीन युवकों की मौके पर मौत

इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय सैफ पुत्र इरशाद निवासी मोहल्ला कुरेशियान कस्बा बहजोई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गांव मंडनपुर के रहने वाले 18 वर्षीय सत्यवीर पुत्र महेश और 18 वर्षीय गजेंद्र पुत्र वीरपाल भी हादसे में जान गंवा बैठे। तीनों युवकों की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सैफ, सत्यवीर और गजेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई।

दो युवकों की हालत गंभीर, किया गया रेफर

हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय फेथ पुत्र कदीम और 18 वर्षीय आलम खान पुत्र रफान, दोनों निवासी गांव मिर्जापुर थाना बहजोई, को प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। दोनों युवकों की हालत को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई है।

अस्पताल पहुंचे परिजन, मचा कोहराम

जैसे ही हादसे की खबर गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, मृतकों और घायलों के परिजन बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में रोते-बिलखते परिजनों को देखकर माहौल बेहद भावुक हो गया।

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हुई है और दो घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।