
9 बहनों के सिर से उठा भाई का साया..
Sambhal Accident News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक सवार मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी भांजी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
घटना थाना रायसत्ती क्षेत्र के जोया रोड स्थित गांव ताजपुर के पास की है। मृतक की पहचान असमोली थाना क्षेत्र के बिलालपथ गांव निवासी 16 वर्षीय जुबेर पुत्र मुख्तार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 8 बजे जुबेर अपनी 14 वर्षीय भांजी शीबा को उसके घर छोड़ने के लिए निकला था। रास्ते में अचानक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर हालत में दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुबेर को मृत घोषित कर दिया, जबकि शीबा का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार लड़की की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह अभी भी सदमे में है।
जुबेर के निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचते ही बेसुध हो गए। बताया गया कि जुबेर के नौ बहनें और तीन भाई हैं, जिनमें से सात बहनों की शादी हो चुकी है। ऐसे में कम उम्र में ही वह परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने में लगा था और सिलाई का काम कर अपने घर का सहारा बना हुआ था।
मृतक के भाई मुनियाद अली ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना फोन पर मिली थी। वहीं थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Published on:
24 Mar 2026 10:57 pm
बड़ी खबरें
View Allसम्भल
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
