4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आधी रात, हाथों में तमंचा और चीखता परिवार: संभल में दंपती को बंधक बना लूटे 8 लाख, इलाके में दहशत

Sambhal Crime: उत्तर प्रदेश के संभल में देर रात बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपती को बंधक बनाकर करीब 8 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Apr 04, 2026

sambhal robbery couple held hostage 8 lakh loot

संभल में दंपती को बंधक बना लूटे 8 लाख | AI Generated Image

Sambhal Robbery Loot: यूपी के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र स्थित नरैठा मोहम्मदपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर दंपती को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और करीब आठ लाख रुपये की नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश

जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात करीब ढाई बजे दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। घर में प्रवेश करते ही एक बदमाश ने सो रहे मतीन की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान अन्य बदमाश घर के बाहर और गेट पर निगरानी करते रहे, जिससे उनकी पूरी तैयारी और प्लानिंग साफ नजर आई।

परिवार को बंधक बनाकर उतारे जेवरात

बदमाशों ने न सिर्फ मतीन बल्कि उनकी पत्नी और बेटी को भी बंधक बना लिया। उन्होंने महिला और बच्ची के कानों में पहने कुंडल समेत अन्य कीमती जेवर जबरन उतरवा लिए। इसके बाद पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया, ताकि वे किसी भी तरह से मदद न मांग सकें।

संदूक खंगालकर लाखों की लूट को दिया अंजाम

परिवार को कैद करने के बाद बदमाश दूसरे कमरे में पहुंचे और वहां रखे संदूक को खंगाल डाला। बदमाश करीब पचास हजार रुपये नकद, पौन किलो चांदी के जेवर और सोने की चार अंगूठियां लेकर फरार हो गए। कुल मिलाकर लूट की रकम लगभग आठ लाख रुपये आंकी जा रही है।

घटना के बाद गांव में हड़कंप

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। काफी देर बाद किसी तरह परिवार कमरे से बाहर निकला और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बदमाशों की तलाश में काफी देर तक इलाके में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पीड़ित ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

पीड़ित मतीन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है और लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि बदमाश घटना के दौरान गुटखा खाते और बीड़ी पीते रहे, जिससे उनकी बेखौफ मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, जबकि गांव में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है।