
Hathras Accident News
Hathras Accident News: संभल से हाथरस में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में बसों में सवार होकर सैकड़ों लोग शामिल होने गए थे। जिसमें गांव उदय भानपुर की एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर जब उसके परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम होने के बाद महिला का शव गांव पहुंचा और परिजनों ने गमगीन माहौल में राजघाट गंगा घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
संभल की तहसील गुन्नौर क्षेत्र के गांव उदय भानपुर निवासी पिंकी शर्मा पत्नी सुशील शर्मा अपने ससुर प्रेम शंकर शर्मा के साथ बीते दिन मंगलवार को हाथरस में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने के लिए गई थी। उसके साथ उसकी 12 वर्षीय बेटी सृष्टि शर्मा और 10 वर्षीय बेटा अन्नू भी था। आपको बता दें की हाथरस में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में 122 मौतों का आंकड़ा सामने आया है।
जिसमें एक नाम संभल के गांव उदय भानपुर निवासी पिंकी शर्मा पत्नी सुशील शर्मा का भी है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक पिंकी शर्मा की 12 वर्षीय बेटी सृष्टि शर्मा भी हादसे में घायल हुई है। जबकि उसके ससुर एवं बेटे को कोई चोट नहीं आई। इसी गांव की कुसमा पत्नी चंद्रपाल शर्मा, निशा पुत्री विनोद शर्मा एवं सरोज यादव पत्नी कल्याण भी भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने गए थे।
मृतका की जेठानी सरोज ने बताया कि यह हमारी देवरानी थी। हम हाथरस साथ में सत्संग में गए थे। इन्हें ठोकर लगी और यह गिर गई। वहां सब जगह ही भगदड़ मची हुई थी। वहां सब लोग हरि की गाड़ी के पीछे भागे थे। सब रपट-रपट कर गिरे थे। हमारे गांव से 7 लोग गए थे। बाकी सब लोग ठीक हैं। मेरे तो चोट नहीं लगी है। मेरे साथ में जो थी उनके चोट लगी है और एक की मौत हो गई।
Published on:
03 Jul 2024 05:28 pm
बड़ी खबरें
View Allसम्भल
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
