16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संभल में ईदगाह-इमामबाड़ा पर चला प्रशासन का बुलडोजर, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

Sambhal News: संभल के बिछोली गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह और इमामबाड़े पर बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया जा रहा है।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Apr 16, 2026

Bulldozer Action Sambhal: संभल जिले के कोतवाली क्षेत्र के बिछोली गांव में गुरुवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह और इमामबाड़े पर बुलडोजर चला दिया। सुबह करीब 8 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में पहले इमामबाड़े को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जिसके बाद ईदगाह को चार बुलडोजरों की मदद से गिराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

7 बीघा चारागाह भूमि पर कब्जे का आरोप

प्रशासन के अनुसार, यह पूरा निर्माण लगभग 7 बीघा चारागाह और खाद गड्ढे की भूमि पर अवैध रूप से किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से इस जमीन पर अतिक्रमण कर ईदगाह और इमामबाड़ा बनाया गया था। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई।

कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई कानूनी प्रक्रिया

मामले में लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर सार्वजनिक नोटिस अखबार में प्रकाशित किया गया था, जिसमें कब्जाधारियों से सामने आने को कहा गया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई भी पक्ष सामने नहीं आया, जिसके बाद प्रशासन ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

सुबह 7:30 बजे पहुंची प्रशासनिक टीम

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल मौके पर टीम के साथ पहुंचे। इस दौरान कुछ ग्रामीण स्वयं भी हथौड़े और औजार लेकर इमामबाड़े को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें तुरंत वहां से हटा दिया और पूरी कार्रवाई अपने नियंत्रण में ले ली।

भारी पुलिस बल और PAC की निगरानी में कार्रवाई

संभावित विरोध और कानून-व्यवस्था को देखते हुए मौके पर 5 थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी PAC तैनात की गई। पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय पर निर्माण नहीं हटाने के कारण अब बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है और इसे पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत किया गया है।

प्रशासन ने दिया सख्त संदेश

प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी यदि कहीं अतिक्रमण पाया गया तो इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।