13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संभल में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, कल 13,440 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 10 केंद्रों पर कड़ी निगरानी

Sambhal News: संभल जिले में 14 और 15 मार्च को होने वाली यूपी पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

3 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Mar 13, 2026

up police si exam sambhal

संभल में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी..

UP Police SI Exam Sambhal: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को पूरे प्रदेश में आयोजित की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा को लेकर संभल जिले में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 13,440 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे, जिन्हें निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा देनी होगी। प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराना है।

दो पालियों में होगी परीक्षा

भर्ती परीक्षा दोनों दिन दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली पूर्वाह्न 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा से एक दिन पहले सभी परीक्षा केंद्रों पर कक्ष व्यवस्थापकों और शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं, नियमों और निगरानी से संबंधित दिशा-निर्देश विस्तार से समझाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से समझौता नहीं किया जाएगा।

जिले में बनाए गए 10 परीक्षा केंद्र

संभल जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा से पहले इन सभी केंद्रों पर कक्षा व्यवस्थापकों और प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराया गया और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन हो। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CCTV और बायोमेट्रिक से होगी कड़ी निगरानी

परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी और इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके साथ ही परीक्षार्थियों की गहन जांच भी की जाएगी। स्ट्रांग रूम और प्रत्येक परीक्षा कक्ष में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। परीक्षार्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र और फोटो युक्त पहचान पत्र ले जाने की अनुमति दी गई है।

130 परीक्षा कक्ष और सैकड़ों कर्मियों की ड्यूटी

इस परीक्षा के संचालन के लिए जिले में कुल 130 परीक्षा कक्ष निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 10 केंद्र व्यवस्थापक और 20 सहायक केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 280 कक्ष निरीक्षक परीक्षा कक्षों में ड्यूटी निभाएंगे। प्रशासन ने निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की है। इस प्रकार कुल 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट ड्यूटी पर रहेंगे, जबकि किसी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 5-5 मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं।

इन शिक्षण संस्थानों को बनाया गया परीक्षा केंद्र

संभल शहर में शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज, आचार्य मुक्तेश हकीम रईस सरस्वती इंटर कॉलेज, बृजरत्न सुंदर आर्य कन्या इंटर कॉलेज, हिंद इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी डिग्री कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय और जेडीयू इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत सिरसी कस्बे में जवाहरलाल मेमोरियल कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाएं

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में समय देखने के लिए घड़ी की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षार्थी समय का सही प्रबंधन कर सकें। इसके साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।