19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP Rain: यूपी के संभल में अचानक बदला मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश ने दी दस्तक, गर्मी से मिली राहत

Sambhal Weather: उत्तर प्रदेश के संभल में बुधवार रात आंधी और करीब 25 मिनट की बारिश के कारण जिले के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Mar 19, 2026

up rain sambhal weather update today

UP Rain: यूपी के संभल में अचानक बदला मौसम..

UP Rain Today:यूपी के संभल जिले में बुधवार को लोग चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान थे, वहीं रात करीब 11:30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूल भरी आंधी के साथ आई बारिश ने पूरे माहौल को ठंडा कर दिया। अचानक आए इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और जो लोग पंखे-कूलर चला रहे थे, उन्हें एक बार फिर कंबल निकालने पर मजबूर होना पड़ा। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिसने मार्च के महीने में दिसंबर वाली ठंड का हल्का अहसास करा दिया।

20 से अधिक गांवों में बारिश

मौसम विभाग की चेतावनी बिल्कुल सटीक साबित हुई। संभल के थाना ऐंचौड़ा कम्बोह सहित आसपास के 20 से अधिक गांवों में लगभग 25 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जिसने धूल और सूखे पत्तों को हवा में उड़ा दिया। रात के समय जब तापमान 25 डिग्री के आसपास था, तब इस बारिश ने पारा और नीचे गिरा दिया।

प्रदूषण से मिली मामूली राहत

गुरुवार सुबह जब संभल के लोगों की आंख खुली, तो मौसम सुहाना था। सुबह 8 बजे तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक ही जाएगा, जो पिछले एक महीने के औसत तापमान से करीब 5 डिग्री कम है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की बात करें तो यह 156 दर्ज किया गया है। हालांकि यह पूरी तरह 'साफ' हवा नहीं है, लेकिन बारिश के बाद वातावरण में जमी धूल बैठने से लोगों को सांस लेने में थोड़ी राहत महसूस हो रही है।

ईद की रौनक और बाजारों में देर रात तक उमड़ी भीड़

मौसम में आए इस अचानक बदलाव का असर शहर की रौनक पर भी दिखा। चूंकि ईद का त्यौहार नजदीक है, इसलिए संभल के बाजारों में देर रात तक खरीदारों की भारी भीड़ देखी गई। रात 10:30 बजे जब तेज ठंडी हवाएं चलनी शुरू हुईं, तो खरीदारी कर रहे लोगों के लिए यह सुखद अनुभव रहा। लेकिन ऐसे अचानक बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है।

अन्नदाता की बढ़ी धड़कनें

शहर के लोग भले ही सुहाने मौसम का लुत्फ उठा रहे हों, लेकिन ग्रामीण इलाकों के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं। खेत में खड़ी गेहूं की फसल इस समय कटाई की ओर है और ऐसे में तेज हवा और बारिश उसे बिछा सकती है। ग्रामीण सत्यवीर ने चिंता जताते हुए कहा कि 20 मिनट की बारिश ने ही डरा दिया है।

यदि अगले एक-दो दिन बारिश का यही सिलसिला जारी रहा, तो तैयार फसल खराब हो सकती है। फिलहाल अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन दोपहर 12 से शाम 6 के बीच फिर से हल्की वर्षा की संभावना ने किसानों की नींद उड़ा दी है।