सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग बालिका से ज्यादती के मामले में आरोपी अभिषेक सिंह द्वारा नाबालिग होने के साक्ष्य के रुप में पेश की गई मार्कशीट की जांच अब चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश करेंगे। न्यायाधीश जांचेंगे कि आरोपी द्वारा पेश की गई मार्कशीट सही है या फर्जी। जिला न्यायाधीश ने उन्हें जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। बताया गया है कि एक माह पहले एक नाबालिग के साथ जनपद सदस्य माया सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह उसके साथी हर्ष सिंह व दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया था। इसमें उसकी बहन निहारिका सिंह सहयोगी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। यहां आरोपी के परिजनों ने मार्कशीट पेश की थी। इसमें वह नाबालिग था। इस पर अभियुक्त पक्ष ने आपत्ति जताई थी। जिला न्यायाधीश ने मार्कशीट की जांच पुलिस को सौंपी थी। जिसकी जांच में मार्कशीट नकली निकलने पर सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ था। अब मार्कशीट की जांच जिला न्यायाधीश ने अपर सत्र न्यायाधीश को मार्कशीट की जांच के लिए नियुक्त किया है।