
anaj mandi ke taja bhav: soybean ke bhav, 4500 quintals of soybean
सतना/ विदाई की बेला पर खड़ा 2019 जाते-जाते किसानों के लिए अच्छे दिन लेकर आया है। खरीफ सीजन मानसून की रिकार्ड बारिश से फसलें खराब होने के बाद आवक कमजोर होने के कारण मंडियों में अनाज के दाम बढ़ गए हैं। अनाजों के भाव में तेजी से किसानों को उनकी फसल के उचित दाम मिल रहे है। विंध्य की सबसे बड़ी सतना मंडी में सोमवार को अनाज के भावों में तेजी का दौर रहा। तिली के भाव 11250 रुपए क्विंटल तक बोले गए जो चालू सीजन में सबसे अधिक है।
बीते एक सप्ताह में तिली के भाव में प्रति क्विंटल तीन हजार रुपए का उछाल आया है। इससे पहले 2017 में सतना मंडी में तिली के भाव 14000 रुपए प्रति क्विंटल तक बोले गए थे। तिलहन व्यापारियों ने बताया कि विदेशों में तिली के भाव उछलने के कारण इस समय किसानों को तिली का रिकार्ड भाव मिल रहा है। गेहूं के भाव भी सोमवार को नई उंचाई पर पहुंच गए। मंडी में फ्लोरमिल गेहूं के भाव 2115 रुपए तक बोले गए। जो एक रिकार्ड है। इससे पहले गेहूं 2 हजार से अधिक कभी नहीं बिका। मंडी में अनाज के भाव में तेजी से मौसम की मार झेल रहे किसानों को राहत मिली है।
दलहन के भाव चार हजार पार
किसानों के लिए राहत की बात यह है कि इस समय मंडी में सभी दलहनी फसलों के भाव चार हजार रुपए प्रति क्विंटल से अधिक बोले जा रहे हैं। पीले सोयाबीन के दाम एक हजार रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ 4500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। बीते तीन साल से सोयाबीन में मंदी के कारण इसकी खेती कर रहे किसानों को लगातार हानि उठानी पड़ रही थी लेकिन दो साल बाद मंडी में सोयाबीन के दाम में तेजी का महौल बना है।
धान की डाक नीलामी शुरू...1436 रु. मिला भाव
जिन किसानों ने धान बिक्री के लिए खरीदी केंद्रों में पंजीयन नहीं कराया है वे मंडी में धान बेच सकते हैं। मंडी में अन्य जिंसों की तरह मंडी प्रशासन द्वारा धान की डाक कराई जा रही है। सोमवार को मंडी में धान की आवक 80 बोरा रही। इसके भाव 1436 रुपए प्रति क्विंटल बोले गए। मंडी कर्मचारियों ने बताया कि मंडी में धान की खरीदी करने एक दर्जन मिलर पहुंच रहे हैं। मंडी सचिव का कहना है कि मंडी में धान की डाक नीलामी शुरू हो गई है। किसान बिचौलियों को धान न देकर मंडी में लाकर बेचें। इससे उनको उपज का उचित दाम मिलेगा और तौल भी सही होगी।
ऐसे रहे मंडी में भाव
उपज भाव प्रति क्विं.
धान 1400-1436
जवा 1836- 1860
गेहूं 2030-2115
सरसों 3900-4041
सोयाबीन 4235-4500
चना 4150-4352
मसूर 4100-4580
तिली 8250- 11250
Published on:
24 Dec 2019 02:09 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
