25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘सिलेंडर बुकिंग’ पर फिर आया अपडेट, 25-35-45 जानें कितने दिन बाद मिलेगा सिलेंडर

LPG Gas Cylinder Shortage: 4 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के बीच जिले में सिर्फ 3678 घरेलू सिलेंडर का स्टॉक बचा है....

2 min read
Google source verification

सतना

image

Astha Awasthi

Mar 25, 2026

LPG Gas Cylinder Shortage

LPG Gas Cylinder Shortage (Photo Source - Patrika)

LPG Gas Cylinder Shortage: एमपी के सतना जिले में घरेलू गैस सिलेंडर का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। जिले भर में चार लाख से अधिक उपभोक्ता एलपीजी गैस पर निर्भर हैं, लेकिन बीते दिन शहर में गैस का स्टॉक लगभग खत्म होने की स्थिति में पहुंच गया। सतना में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, एचपी गैस और भारत पेट्रोलियम के पास मिलाकर सिर्फ 3678 घरेलू सिलेंडर का स्टॉक बचा है। यह स्थिति न सिर्फ चिंताजनक है बल्कि उपभोक्ताओं के लिए सीधे तौर पर बड़ी परेशानी बन चुकी है।

स्टॉक 1 प्रतिशत से भी कम

जिले में कुल 410512 घरेलू गैस कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं हैं। अगर मौजूदा स्टॉक से तुलना की जाए तो यह संख्या™ 1 प्रतिशत से भी कम बैठती है। यानी हर 100 उपभोक्ताओं के मुकाबले एक सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं है। यही कारण है कि जिन लोगों ने बुकिंग भी कर दी, इसके बाद भी उन्हें कई दिनों से सिलेंडर का इंतजार करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर› लगा रहे हैं, लेकिन हर बार एक ही जवाब मिल रहा है, अभी पुरानी बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिए जा रहे है।

6410 को मिली गैस

जिले भर में घरेलू सिलेंडर उपभोक्ताओं को बांटी जा रही है। सोमवार को सतना में 6410 उपभोक्ताओं को घरेलू गैस प्राप्त हुई। जिले भर में अलग-अलग कंपनी के एजेंसी संचालकों ने बुकिंग के अनुसार गैस बंटवाई। इसमें इंडियन ऑयल के 3109 उपभोक्ताओं को गैस मिली। जबकि भारत पेट्रोलियम के 406 और एचपी के 2895 कनेक्शनधारियों को सिलेंडर की खेप मिली।

कंपनीवार स्टॉक की स्थिति चिंताजनक

जिले में सबसे ज्यादा गैस कनेक्शन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के हैं। इस कंपनी के 218935 उपभोक्ता हैं, लेकिन मंगलवार सुबह तक इसके पास सिर्फ 2304 सिलेंडर का स्टॉक था। इसी तरह एचपी गैस के 136016 उपभोक्ताओं के बीच सिर्फ 262 सिलेंडर का स्टॉक बचा है। वहीं भारत पेट्रोलियम के 55561 कनेक्शनधारियों के लिए मात्र 1112 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि गैस की आपूर्ति मांग के मुकाबले बेहद कम है। जिले में जितनी तेजी से सिलेंडर की मांग बढ़ रही है, उतनी तेजी से सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

बुकिंग नियम में भी हो गया बदलाव

उज्जवला कनेक्शनधारियों की बुकिंग 25 दिन में और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन में हो रही थी, लेकिन अब नियमों में बदलाव कर दिया गया है। मंगलवार को नई व्यवस्था की खबर आई, जिसमें कहा गया कि अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में उज्जवला कनेक्शनधारियों की बुकिंग 35 दिन के अंतराल में ही हो सकेगी। इसके अलावा डबल कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं की बुकिंग अवधि भी 25 दिन से बढ़ाकर 35 दिन कर दी गई है। इससे उन परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है, जो पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर हैं। जबकि बुधवार को पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पहले वाली ही व्यवस्था लागू रहेगी।

सतना में अभी 8 दिन पहले के बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को गैस मिल रही है। सभी कंपनियों के लोड आ रहे है, कहीं पर स्टॉक खत्म होने की स्थिति नहीं बनी। व्यवसायिक की जैसी जहां से डिमांड आ रही है वहां आपूर्ति हो रही है।

सम्यक जैन, डीएसओ सतना