
Satna home gaurd
सतना. कोरोना महामारी पार्ट-२ की पहली मार जिले में पदस्थ होमगार्ड के जवानों पर पड़ी है। विभाग ने जिले में पदस्थ सभी 71 होमगार्ड जवानों को दो माह के लिए अवैतनिक अवकाश पर भेज दिया है। सरकार के इस निर्णय से सतना सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ लगभग 14 हजार होमगार्ड जवानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पूरी उम्र पुलिस जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जनता की सेवा करने वाले होमगार्ड के जवानों को बिना उचित कारण बताए दो माह के अवकाश पर भेजे जाने से सबसे अधिक मार उन जवानों पर पड़ी है, जिनकी उम्र ढलान पर है। होमगार्ड जवानों का कहना है कि कोरोना संकट में इस प्रकार ड्यूटी से निकाले जाने के कारण उनके सामने परिवार का पेट भरने का संकट खड़ा हो गया है।
दो माह के लिए ड्यूटी से छुट्टी
शासन से आए आदेश का पालन करते हुए जिला कमांडेंट ने ३० मार्च को जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ ७१ होमगार्ड जवानों को काल ऑफ यानी ड्यूटी मुक्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश में कहा गया कि १ अप्रैल से ३१ मई तक दो माह के लिए उन्हें ड्यूटी से अलग किया जा रहा है। इस दौरान ड्यूटी से हटाए गए जवानों को किसी प्रकार का वेतन या गुजारा भत्ता देय नहीं होगा।
होमगार्ड जवानों में आक्रोश
न्यूनतम वेतन पर पूरा जीवन पुलिस विभाग की सेवा में लगाने वाले होमगार्ड जवानों को इस प्रकार कोरोना संकट के समय ड्यूटी से निकाले जाने से सरकार के प्रति जवानों में आक्रोश व्याप्त है। जवानों का कहना है कि दो माह वेतन न मिलने से उनके परिवार का गुजारा कैसे चलेगा। इतना ही नहीं, होमगार्ड डीजी ने आदेश जारी कर ड्यूटी से हटाए गए जवानों को यह चेतावनी भी दी है कि यदि कोई सैनिक आदेश के खिलाफ जाता है तो उसका नामांकन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में उसे नौकरी पर नहीं रखा जाएगा।
एक जून से काम पर लेंगे
जिला कमांडेंट होमगार्ड सतना आइके उपनारे ने बताया कि मुख्यालय से मिले आदेश का पालन करते हुए जिले में पदस्थ 71 होमगार्ड जवानों को एक अप्रैल से दो माह के लिए कॉल ऑफ पर भेज दिया है। अवकाश पर भेजे गए जवानों को एक जून से फिर काम पर लिया जाएगा।
Published on:
04 Apr 2021 02:32 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
