3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बाइक बोट मामला: पुलिस जब्त करेगी बैंक से बाउंस हुए चेक

ठगी के शिकार लोगों से संपर्क कर रही पुलिस, लाखों रुपए गंवाने वाले कई नाम आने लगे सामने

2 min read
Google source verification
Of millions Bike boat fraud investigation reached Satna

Of millions Bike boat fraud investigation reached Satna

सतना. बाइक टैक्सी के नाम पर ठगी का जो मामला सामने आया है उस कड़ी में अब नई जानकारी यह सामने आ रही है कि कोलगवां थाना पुलिस उन सभी चेकों को जब्त करेगी जो निवेशकों को कंपनी ने दिए हैं। गौरतलब है कि उप्र के नोएडा स्थित एक कंपनी गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड पर आरोप है कि इसने बाइक टैक्सी के बिजनेस में पैसा इन्वेस्ट कराया और पूरा पैसा हड़प कर रफूचक्कर हो गई। भागने से पहले कंपनी के मालिकों ने निवेशकों से अपनी गर्दन बचाने के लिए उन्हें चेक थमाए थे, जो बाद में बाउंस हो गए। खबर है कि इस मामले की जांच कर रही कोलगवां थाना पुलिस अब निवेशकों से संपर्क कर उन सभी चेकों को जब्त करने का प्रयास कर रही है।
महिला शिक्षक की रकम डूबी
बांधवगढ़ कॉलोनी निवासी निजी विद्यालय की शिक्षिका सोनिया ने प्रति बाइक 62000 के हिसाब से 5 बाइक पर 3लाख 10 हजार 500 रुपए इन्वेस्ट किए थे। इस महिला को कंपनी ने मुनाफे की ईएमआई के तौर पर हर महीने 9700 देने का वादा किया था। सूत्रों के अनुसार, पेप्टेक सिटी निवासी मानवेंद्र सिंह की पत्नी इस महिला शिक्षक के संपर्क में थी। उसने बाइक टैक्सी के व्यवसाय पर मोटी रकम लगा रखी थी। लिहाजा उसने इस महिला शिक्षक को भी कंपनी में रकम लगाने पर बड़े फायदे का सब्जबाग दिखाया। जिससे प्रभावित होकर इस महिला शिक्षक ने 27 नवंबर 2018 को 3 लाख 10 हजार 500 रुपए कंपनी को दे दिए। महिला को लगा कि पांच बाइक पर यह पैसा लगाने से उसे अब हर महीने घर बैठे करीब 48 हजार 500 रुपए मिला करेंगे। लेकिन जल्द ही महिला की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
पोस्ट डेटेड चेक दिया
कंपनी में पैसा लगाते वक्त महिला को आश्वस्त किया गया था कि हर महीने समय पर उसके मुनाफे की किस्त घर आ जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब उसको महीने की किस्त नहीं मिली तो उसने अन्य निवेशकों से इस बारे में बताया और तब कई निवेशकों ने जब कंपनी के एजेंटों की गर्दन पकड़ी तो कंपनी ने इस महिला को 5 लाख 66 हजार 50 रुपए का एक चेक थमा दिया। 600199 नंबर का यह चेक नोबेल कॉपरेटिव बैंक का था जो कि पोस्ट डेटेड चेक था। यह चेक नवंबर 2019 के लिए दिया गया था।
अपडेट ले रहा पुलिस मुख्यालय
सूत्रों की मानें तो महिला यह चेक अपने खाते में लगा पाती उसके पहले ही नोएडा पुलिस हरकत में आ गई। उसने देश के विभिन्न प्रांतों में करीब 15 सौ करोड़ की ठगी करने के आरोपी संजय भाटी को गिरफ्तार कर लिया और जांच आगे बढ़ गई। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने मामले को बेहद संजीदगी से लिया जिसके बाद देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस एक्शन मोड में आई। उसी क्रम में जब भोपाल पुलिस मुख्यालय से सतना में भी कार्रवाई के लिए निर्देश हुए तो कोलगवां थाना पुलिस ने जांच को हाथ में लेते हुए महिला शिक्षिका सोनिया के बयान लेकर एफ आइआर दर्ज की है। एफआइआर में कंपनी के एमडी संजय भाटी सहित करण पाल सिंह, राजेश भारद्वाज एवं बी एम तिवारी को नामजद आरोपी बनाया गया। मालूम हुआ है कि मामले में अपराध दर्ज करने के बाद पुलिस ने शिक्षिका सोनिया के अलावा हरिओम पांडे, बद्री प्रसाद मिश्रा एवं मानवेंद्र सिंह के बयान भी लिए हैं। अब खबर है कि पुलिस इनके पास मौजूद कंपनी के चेकों को जब्त कर आगे की कार्यवाही करेगी।