2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

15 साल बाद जनगणना शुरू, सभी को देना होगा इन ’33 सवालों’ का जवाब

Census 2026: प्रथम चरण की गणना 1 मई से शुरू होगी। 31 मई तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना होगी।

3 min read
Google source verification

सतना

image

Astha Awasthi

Apr 02, 2026

Census 2026

Census 2026 प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- freepik)

Census 2026: लगभग 15 साल बाद जनगणना की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह जनगणना दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और आवास गणना की जाएगी। इस चरण में प्रत्येक आवास में प्रगणक पहुंचेंगे और 33 सवाल करेंगे। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में न तो किसी प्रकार का दस्तावेज मांगा जाएगा और न ही किसी तरह का दस्तावेज दिखाने की बात कही जाएगी।

अगर कोई प्रगणक ऐसा करता है तो उसकी शिकायत तहसीलदार और एसडीएम से तत्काल करें। जनगणना के दौरान किसी प्रकार की ओटीपी भी नहीं आएगी न मांगी जाएगी। प्रगणक द्वारा 33 सवालों के बाद मोबाइल नंबर मांगा जाएगा। लेकिन यह वैकल्पिक होगा। आप चाहे तो नंबर बता सकते हैं अथवा नहीं, लेकिन अगर नंबर बता देंगे तो जनगणना से संबंधित जानकारियां आपकों मैसेज में मिलती रहेंगी।

इन 33 सवालों का देना होगा जवाब

प्रगणक सबसे पहले भवन नंबर और जनगणना मकान नंबर पूछेगा। सामान्य तौर पर यह नंबर प्रगणक स्वयं डाल देगा। इसके बाद मकान के फर्श में प्रयुक्त सामग्री, दीवार में प्रयुक्त सामग्री, छत में प्रयुक्त सामग्री की जानकारी ली जाएगी। अगला सवाल मकान के उपयोग और मकान की हालत से संबंधित होगा। इसके बाद परिवार क्रमांक संबंधी प्रश्न होगा जो एप में स्वतः अपडेट हो जाएगा। इसके बाद परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या पूछी जाएगी। परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के मुखिया का लिंग, क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य से संबंधित है के जवाब लिए जाएंगे।

अगले सवालों में मकान के स्वामित्व की स्थिति, रहने के लिए उपलब्ध कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपतियों की संख्या (अगर लिव इन में रह रहे हैं तो उसे भी एक दंपति माना जाएगा), पेयजल का मुख्य स्रोत, पेयजल स्रोत की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालत का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानगृह की उपलब्धता संबंधी सवाल होंगे। रसोईघर सहित एलपीजी कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त प्रमुख ईंधन, रेडियो ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इंटरनेट की सुविधा, लैपटॉप कम्प्यूटर, टेलीफोन मोबाइल या स्मार्ट फोन उपलब्धता संबंधी जवाब लिए जाएंगे। साइकिल, स्कूल, मोटरसाइकिल, मोपेड से चलते हैं या कार, जीप, वैन का उपयोग किया जाता है संबंधी सवाल होंगे। परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य आनाज की जानकारी ली जाएगी। अंतिम सवाल मोबाइल नंबर पूछा जाएगा।

1 मई से होगी मकानों की गणना

प्रथम चरण की गणना 1 मई से शुरू होगी। 31 मई तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना होगी। प्रगणक आपके घर आएंगे। इस बार स्वगणना का भी प्रावधान किया गया है। जो लोग स्वयं से अपनी जानकारी भरना चाहते हैं वे 16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन जानकारी भर सकेंगे। इसके लिए जनगणना के आधिकारिक पोर्टल se. census. gov. in पर जाएं, मोबाइल नंबर से रजिस्टर करें और अपनी भाषा में 33 प्रश्नों का उत्तर देकर 15 मिनट में घर बैठे डेटा भरें। सबमिट करने के बाद मिलने वाली 16 अंकों की Ó SE IDO सुरक्षित रखें और प्रगणक को दिखाएं।

जनगणना में शामिल होगे 3500 प्रगणक

सतना जिले को 3200 जनगणना ब्लॉक में बांटा गया है। प्रत्येक जनगणना ब्लॉक में एक प्रगणक रहेगा। वे प्रत्येक घर में जाकर गणना का काम करेंगे। जिले में 3500 प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। प्रगणक जब भी गणना कार्य में जाएगा तो उसे आईडी कार्ड साथ रखना होगा।

एक बार ही गिना जाएगा मकान

अलग-थलग बने भवनों व परिवारों में सुनिश्चित किया जाएगा कि उनका मुख्य बस्ती में कोई निवास नहीं है और उनकी गणना केवल एक बार की जाएगी। यदि उनके पास दोनों स्थानों पर निवास है, तो उनकी गणना वहां की जाएगी जहां वे वर्ष की अधिकांश अवधि के दौरान सामान्य रूप से रहते हैं।