
Chitrakoot incident: Four women killed due to mud quarry
सतना. नयागांव थाना क्षेत्र के प्रमोद वन स्थित एक छुही खदान धंसकने से चार महिलाओं की मौत हो गई। शनिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुए हादसे में तीन महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। खबर पाते ही पुलिस प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे और मशीनों की मदद से खदान में दबी महिलाओं के शव बाहर निकाले। पुलिस के अनुसार, कोतवाली कर्वी क्षेत्र के सीतापुर निवासी रामदुलारी खटिक पत्नी बल्लू खटिक (40), गुलबिया खटिक पत्नी लक्ष्मण खटिक (45), मयकी उर्फ गीता खटिक पुत्री चुन्नी खटिक (16) की खदान में दबे रहने से मौत हो गई। जबकि कयली केवट पतनी हरिओम केवट (35) निवासी त्योंथरा थाना नयागांव ने मझगवां अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ऑटो से पहुंची थीं महिलाएं
पुलिस का कहना है कि सीतापुर निवासी आठ महिलाएं ऑटो में सवार होकर प्रमोद वन की छुही खदान पहुंची थीं। इनमें मृत महिलाओं के अलावा रुक्मनी पत्नी कैलाश खटिक, रुक्मनि पत्नी फूलचंद खटिक, शकुंतला पत्नी देवीदीन खटिक, भूरी पत्नी हीरालाल, सुकराना पत्नी लक्ष्मी खटिक भी खदान से छुही निकालने पहुंची थीं। जब यह आठ महिलाएं पहुंचीं तो वहां कयली केवट पहले से छुही खोद रही थी। एेसे में ऑटो से पहुंची पांच महिलाएं अपनी बारी आने का इंतजार करने लगीं और इनके तीन साथी खदान में घुस गए।
मशीन से खोदकर निकाला
जानकारी मिली है कि खदान धंसकने के बाद कयली बाहर तरफ नजर आ रही थी। एेसे में उसे बाहर निकाल कर तत्काल अस्पताल भेज दिया गया। जबकि नाबालिग लड़की समेत बाकी दो महिलाएं अंदर की ओर थीं जो खदान में दब चुकी थीं। घटना स्थल पर ही मशीन बुलाकर छुही खदान को खोदा गया। इसके बाद तीनों किशोरी और महिलाओं को बाहर निकाला। इन तीनों की मृत्यु की पुष्टि जानकीकुण्ड अस्पताल में होने पर पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम करा दिए हैं। जबकि कयली का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा।
Updated on:
19 Nov 2018 02:20 am
Published on:
19 Nov 2018 02:20 am
