26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शहर सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में टूटा रिकार्ड, चार घंटे में आए 8663 आवेदन

नईबस्ती में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, 2500 परिवारों ने मांगा पट्टा, 3800 गरीबों ने लगाई राशन की गुहार  
2 min read
Google source verification
City government breaks record in your door program

City government breaks record in your door program

सतना. नईबस्ती चार मंदिर के पास मंगलवार को आयोजित शहर सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम में योजनाओं का लाभ लेने हितग्राहियों की भीड़ उमड़ पड़ी। 12 वार्डों के हितग्राहियों के लिए आयोजित शिविर में रिकार्ड 8663 आवेदन आए। 2500 परिवारों ने पट्टा मांगा तो 3800 गरीबों ने राशन की गुहार लगाई। भारी संख्या में आए आवेदन का निराकरण तो दूर भीड़ के बीच शिविर में अधिकारियों के लिए संभाल कर रखना मुश्किल हो रहा था। बस्ती में शिविर लगने की जानकारी मिलते ही रहवासी इस उम्मीद के साथ शिकायत लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे कि उसका निराकरण मौके पर होगा। लेकिन, उन्हें आवेदन देकर लौटना पड़ा। स्थानीय विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने लोगों से उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण एवं योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।

तरह-तरह की शिकायतें
शिविर में सबसे अधिक 8663 आवेदन आए। 3800 आवेदन गरीबी रेखा का कार्ड बनवाने के लिए दिए गए। गरीब परिवारों ने कहा कि साहब गरीबी रेखा में नाम जोड़कर राशन दिलाया जाए ताकि परिवार का भरण पोषण हो सके। लोगों ने स्थानीय विधायक से जमीन का पट्टा दिलाने की मांग की। बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने बस्ती की सरकारी जमीन पर बसे गरीब परिवारों को पट्टा दिलाने की घोषणा की थी। जो अभी तक पूरी नहीं हुई। 2500 हितग्राहियों ने जमीन का पट्टा पाने के लिए आवेदन दिया। 1202 श्रमिकों ने मजदूरी कार्ड तथा 512 हितग्राहियों ने पीएम आवास दिलाने की मांग की।
तालाब सौंदर्यीकरण की मांग

शहर सरकार को अपने बीच देखकर नईबस्ती के लोगों ने चार वार्डों के प्रवेश द्वार पर स्थित तलैया का सौंदर्यीकरण कराने एवं खली जमीन पर चौपाटी का निर्माण कराने की मांग की। लोगों ने मुख्य मार्ग पर स्ट्र्रीट लाइट लगवाने की मांग भी की। विधायक ने जनता को नईबस्ती के समग्र विकास का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में महापौर ममता पाण्डेय, कांग्रेस शहर अध्यक्ष मकसूद अहमद, धीरेंद्र सिंह, पार्षद शारदा देवी कोल, कमला यादव, शैलेंद्र दहायत, गंगा कुशवाहा, अजय सिंह मिंटू, देवकली यादव, रामकुमार तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।