
flood prone areas in madhya pradesh big floods in satna district today
सतना। सोमवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला है। मैहर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत हिनौता कला में टमस नदी पर बना रपटा ओवर फ्लो हो गया है। एक साल पहले क्षतिग्रस्त हो चुके इस रपटे में पानी ओवर फ्लो होने से यहां के आधा दर्जन गांवों का संपर्क मैहर से कट चुका है। दो दिन से नदी उफान पर होने पर यातायात अवरुद्ध है।
गांव वाले मूलभूत आवश्यक बस्तुओं के लिए तरस रहे है। स्थानीय प्रशासन अभी तक गांव वालों की सुध नहीं ली है। इलाज सहित अन्य चीजों के लिए अभी एक नाव तक नहीं भेजी गई है। जिला प्रशासन पूरी तरह मामले से अंजान बना है।
महदेवा रपटा भी खतरनाक
सतना से पोड़ी पतौरा जाने वाली रोड में महदेवा रपटा के भी हालात खतरनाक हो गए हैं। सतना नदी के महदेवा रपटा में पानी एक फीट तक ऊपर चल रहा था। लेकिन न तो यहां कोई सुरक्षा गार्ड लगाया गया था न ही बैरियर बनाया गया है। यहां कोई चेतावनी बोर्ड भी नहीं था। गार्ड तैनात न होने से कई बस चालक और जीप चालक अपने वाहन खतरनाक स्थिति में एक फीट पानी के बीच निकालते पाए गए है। उचेहरा नगर परिषद के वार्ड 3 में संजय नगर से नौगजा बाबा को जोडने वाले पुलिया की सुरक्षा दीवार पानी के तेज बहाव में कट गई है।
बकिया डैम में खतरे के निशान तक पहुंचा पानी
बारिश से बकिया डैम में पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। रात 10 बजे तक यहां का जलस्तर 279 मीटर नापा गया था। बराज प्रबंधन ने बताया कि जैसे ही बराज डैम का लेबल 279.50 हो जाएगा तो डैम के गेट खोल दिए जाएंगे। हालांकि डैम में पानी की आवक घट जाने से यहां सुबह तक 7 बजे तक गेट बंद रहने की स्थिति बताई गई है। इसके बाद गेट खोले जाने की बात कही गई है। डैम के नीचे के इलाकों में सोमवार को अलर्ट जारी किया गया है और लगातार गश्त भी की जा रही है।
डैम के गेट खोलने की संख्या तय
टोंस हाइडल से मिली जानकारी के अनुसार बकिया डैम में रात 10 बजे के लगभग 200 घन मीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंच रहा है। इस स्थिति में डैम में पानी का लेवल 279.50 तक पहुंचने में प्रात: 5 से 6 बजे तक का समय लगेगा। अगर पानी की आवक घटती है जैसा की शाम 7 बजे से हो रहा है तो यह समय और बढ़ सकता है। माधवगढ़ में टमस नदी में बने डेंजर प्वाइंट में भी पानी बढऩे की दर रात को घटकर 10 सेमी प्रति घंटे हो गई थी। जबकि शाम 6 बजे तक यह 20 सेमी प्रतिघंटे थी। बताया गया है कि पानी की आवक को देखते हुए डैम के गेट खोलने की संख्या तय की जाएगी।
Published on:
09 Jul 2019 02:48 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
