अविनाश तिवारी के साथ बघेली हास्य वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर धूम मचाने वाली पूजा तिवारी विंध्य की पहली महिला हास्य कलाकार के रूप में उभरी है। पूजा को यू-ट्यूब पर ‘मलकिन उपासे हइ’ और ‘फलाने की मलकिन’ से खासी पहचान मिली है।
सतना. अविनाश तिवारी के साथ बघेली हास्य वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर धूम मचाने वाली पूजा तिवारी विंध्य की पहली महिला हास्य कलाकार के रूप में उभरी है। पूजा को यू-ट्यूब पर ‘मलकिन उपासे हइ’ और ‘फलाने की मलकिन’ से खासी पहचान मिली है। अब तक इसके कई पार्ट आ चुके हैं। अविवाहित पूजा अविनाश के साथ कामेडी करती हैं, गजब यह है कि पूजा तिवारी की अविनाश के साथ जोड़ी इतनी हिट है कि who is pooja tiwari और pooja tiwari Avinash Tiwari ki kaun hai विंध्य में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए गए कीवडर्स में से एक है।
पूजा को बचपन से ही रूपहले पर्दे पर काम करने का शौक था। सन 2015 के आसपास मायानगरी में कदम रखा पर मध्यमवर्गीय परिवार की होने के कारण वहां का खर्च ज्यादा दिन तक सहन नहीं कर पाईं।
परिवार का सपोर्ट, रिश्तेदार नाराज
रीवा जिले के बरौं में जन्मी पूजा किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। पिता राजीव लोचन तिवारी खेती-किसानी करते हैं तो मां विद्यावती गृहिणी हैं। पूजा छह भाई बहन में सबसे छोटी हैं। पूजा बताती हैं कि बघेली हास्य वीडियो बनाने में घर के सभी सदस्यों का सहयोग मिला। पर, रिश्तेदारों को यह नहीं पसंद आया। उन्होंने इसके लिए मना भी किया। रिश्तेदारों का मानना था कि बेटियों को यह सब शोभा नहीं देता। उस दौरान मां ने परिवार व रिश्तेदारों को समझाया और पूजा को सिर्फ कॅरियर पर ध्यान देने को कहा।
संघर्ष से मिली पहचान
पूजा बताती हैं कि डांस सीखने के लिए 2015 में मुंबई गई। उसी दौरान गायक प्रकाश तिवारी से मुलाकात हुई। प्रकाश सीधी जिले के थे, ऐसे में क्षेत्रीय लगाव हो गया। दो साल बाद 2017 में फिर रीवा लौटना पड़ा। यहां आने के बाद लगा कि कॅरियर खत्म हो गया। संघर्ष चल ही रहा था कि उसी दौरान प्रकाश ने अविनाश के बारे में बताया। इसके बाद लगातार अविनाश से संपर्क करने का प्रयास किया। 2017 वर्ष के अंत में 28 दिसंबर को अविनाश से बात हुई और उन्होंने अपने वीडियो में काम करने का प्रपोजल रखा। दोनों ने क्षेत्रीयता और पति-पत्नी के बीच प्रतिदिन होने वाली कहासुनी को लोगों के बीच परोसने का निर्णय लिया। 12 जनवरी 2018 को पहला वीडियो मलकिन उपासे हई बघेली भाषा में यू-ट्यूब पर लॉन्च किया। इसे लोगों ने खूब पसंद किया। रातोंरात इसे हजारों लोगों ने देखा। इसके बाद मलकिन उपासे हई के कई पार्ट आए। फिर फलाने के मलकिन, करवा चौथ का व्रत सहित अन्य वीडियो आए। जो लोगों में खासे लोकप्रिय हुए।
बघेली में फिल्म की तैयारी
पूजा ने बघेली को पहचान दिलाने के मकसद से बघेली भाषा में ही काम करने का ठाना है। अब इन कलाकारों ने बघेली में फिल्म बनाने की ठानी है। इसके लिए मुम्बई में बात चल रही है। खास बात यह है कि फिल्म की शूटिंग बघेलखंड में होगी। कलाकार भी स्थानीय होंगे। इस साल के अंत तक फिल्म रिलीज होगी।