
MP election voting: satna jila me 74 pratishat voting
सतना। विधानसभा चुनाव के लिए सातों सीटों के लिए हुए मतदान में 74.12 फीसदी ने मताधिकार का प्रयोग किया। 72.58 % पुरुष तथा 75.84 % महिला मतदाता शामिल रहीं। थर्ड जेंडर के मतदान का प्रतिशत 5.87 % रहा। इस बार 2013 के 62.57 % मतदान से 6.16% ज्यादा रहा। जिले में 1978 पोलिंग बूथ के माध्यम से 11.16 लाख मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल तीन मतदान केंद्रों में मतदान का बहिष्कार किया। 39 केंद्रों में 2 घंटे के लगभग मतदान रुके होने से यहां रि-पोल की स्थितियों का आकलन किया जा रहा है।
अगर न्यूनतम औसत से यहां कम मतदान होता है, तो यहां दोबारा मतदान किए जाने की स्थितियां बन सकती है। 113 केंद्रों में पांच बजे के बाद मतदाता होने पर टोकन देकर मतदान जारी रखा गया। पांच मतदान केन्द्रों में मॉक पोल के दौरान डाले गए मतों को इवीएम से नहीं हटाने पर यहां मतगणना के दौरान गिनती 51 से शुरू होगी। जिले के रैगांव का मतदान केंद्र 109, सतना का 243, मैहर का 281, अमरपाटन का 132 व 170, रामपुर बाघेलान के 57 में सीआरसी नहीं हुई।
सबसे कम 68.73 % मतदान सतना विधानसभा में तथा सबसे ज्यादा नागौद में 77.46 % हुआ। चित्रकूट में 71.58 %, रैगांव में 74.10 %, मैहर में 77.15 % , अमरपाटन में 75.13 %, रामपुर बाघेलान में 74.66 फीसदी मतदान हुआ। वोटिंग की स्थिति देखें तो सबसे तेजी सुबह 8 से 10 बजे के बीच दिखी। सुबह 10 बजे तक 24.04 % वोट पड़ चुके थे।
मतदाताओं द्वारा डाले गये वोट को देखें तो सुबह 8 से 10 तक 24.04 %, 10 से 12 तक 10.96 %, 12 से 2 बजे तक 15.81 %, 2 से 4 बजे 12.88 %, 4 से 5 बजे तक 6.71 % तथा 5 बजे शाम से मतदान समाप्त होने तक 3.72 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शुरू होते ही सतना, रामपुर नागौद सहित सातों विस क्षेत्र में इवीएम खराबी की सूचना आई। प्रदेश में सवार्धिक वीवीपैट मशीनें सतना जिले में खराब हुईं। तीन केंद्र मैहर के 45 मनौरा, रैगांव के 58 सेमरवारा था रामपुर बाघेलान के 136 तुर्की में एक भी मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा।
मतदान अधिकारी को कुत्तों ने काटा
सतना विस के डिलौरा पोलिंग के मतदान अधिकारी शिवेंद्र सिंह को कुत्तों ने काट लिया। वे मतदान शुरू होने के पहले पोलिंग के बाहर टहल रहे थे। तभी कुत्तों के एक झुंड ने हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने कुत्तों के झुंड को भगाया। सेक्टर अधिकारी ने जानकारी सेक्टर में तैनात डॉ अरुण नायक को दी। उसके बाद घायल अधिकारी का उपचार शुरू हुआ। मौके पर एंटी रैबीज इंजेक्शन मौजूद नहीं था। जानकारी होने पर सीएस डॉ एसबी सिंह ने मौके पर एंटी रैबीज इंजेक्शन पहुंचवाया।
जिले में देर तक हुआ मतदान
113 केंद्रों में टोकन देने के बाद 5 बजे के बाद तक मतदान हुआ। मैहर विस के 26, चित्रकूट के 7, रामपुर के 8, अमरपाटन के 18, नागौद के 20, सतना के 26 व रैगांव के 8 केंद्र शामिल रहे। सबसे देर तक सतना के केंद्रों में मतदान हुआ।
कम से कम पांच सीट: भाजपा
हम जिले की सातों सीट पर कब्जा का दावा कर रहे हैं। दो सीट पर कांटे की टक्कर है। फिर भी हम मानकर चल रहे हैं कि कम से कम पांच सीट हम जीतेंगे।
नरेंद्र त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष
सभी सीटें हमारी होंगी: कांग्रेस
मतदाता ने भाजपा को नकारा है। लिहाजा सातों सीटों पर भाजपा नहीं आ सकती है। इसका फायदा कांग्रेस के पक्ष में है। 7 सीटों पर कब्जा जमाएंगे।
मकसूद अहमद, जिला अध्यक्ष (शहर)
5 सीट से कम नहीं: बसपा
बसपा का हर सीट पर मजबूत प्रत्याशी है। इसके बल पर सातों सीटों पर मजबूत प्रदर्शन करेंगे। 5 सीट से कम आने की बात ही नहीं की जा सकती है।
रमेश चौधरी, जिलाध्यक्ष
परिणाम चौंका देंगे: सपा
जिले की हर सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं। हर समीकरण के आधार पर मजबूत हैं। हमारे प्रत्याशी जीतकर आ रहे हैं। जिले की सात में से कम से कम तीन सीट सपा जीतेगी।
राजेश दुबे, जिलाध्यक्ष
Published on:
29 Nov 2018 12:57 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
