
MP News: रील बनाने का शौक कभी-कभी मुसीबत का कारण भी बन जाता है। रायपुर से लखनऊ जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में तीन यात्रियों को ट्रेन के अंदर डांस कर रील बनाना महंगा पड़ गया। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों की शिकायत के बाद तीनों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मध्य प्रदेश के सतना में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला 6 मार्च को ट्रेन 12536 डाउन गरीब रथ एक्सप्रेस में हुई।
ट्रेन के जी-17 कोच में यात्रा कर रहे कुछ युवकों ने रील बनाने के लिए कोच के बीचों-बीच डांस करना शुरू कर दिया। बताया गया कि रात करीब 9 बजे, ट्रेन के सतना पहुंचने से पहले एक युवक ने रेलवे की चादर सिर पर ओढ़कर नाचना शुरू किया। युवक के साथ मौजूद महिलाएं उसका वीडियो बनाने लगीं। इसी दौरान दो अन्य युवक भी आए और उसी चादर को ओढ़कर उसके साथ नाचने लगे। तीनों युवक करीब दो मिनट तक एक ही चादर ओढ़कर डांस करते हुए वीडियो बनाते रहे। इस दौरान कोच का रास्ता भी कुछ देर के लिए अवरुद्ध हो गया, जिससे अन्य यात्रियों को असुविधा हुई।
कोच में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों ने डांस का वीडियो बना लिया और बाद में रेलवे अधिकारियों से शिकायत कर दी। शिकायत में बताया गया कि युवकों ने रास्ता रोककर गाने पर डांस किया, जिससे सहयात्रियों को परेशानी हुई। उस समय कोच में करीब आठ-दस लोगों का एक परिवार भी यात्रा कर रहा था। आरपीएफ पोस्ट सतना के प्रभारी वीके यादव ने बताया कि शुक्रवार को यह वीडियो उनके पास पहुंचा। प्राथमिक जांच में डांस अश्लील नहीं दिख रहा, लेकिन युवकों की हरकत से अन्य यात्रियों को असुविधा हुई। इसलिए रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर संबंधित यात्रियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेन या स्टेशन परिसर में यात्रियों को परेशान कर रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
14 Mar 2026 04:04 pm
Published on:
14 Mar 2026 04:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
