सतना. कृपालपुर में रीवा रोड स्थित अग्रवाल सॉ-मिल में शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे अचानक आग भड़क उठी। टाल से उठती आग की लपटों को देख टाल में तैनात कर्मचारियों ने इसकी सूचना नगर निगम के फायर स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही निगम के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग भीषण रूप धारण कर चुकी थी। अज्ञात कारणों से लगी आग से टाल में रखी सैकड़ों टन लकड़ी जलकर खाक हो गई। निगम के 7 दमकल वाहन 12 घंटे की मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया।
आग लगने का कारण अज्ञात
टाल के अंदर आग कैसे भड़की इसकी जानकारी नहीं मिल सकी,फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोपहर लगभग 12 बजे फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना दी गई ,तब से निगम के दो दर्जन कर्मचारी व 7 दमकल वाहन लगातार आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। आग किन कारणों से लगी इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
टाल में नहीं थे आग से सुरक्षा के उपाय
विभाग की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि टाल में हजारों टन लकड़ी का स्टॉक है। इसके बावजूद संचालक द्वारा यहां पर आग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। जिसके कारण समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सका है और वह बेकाबू हो गई।
लकड़ियों का 70 फ़ीसदी स्टाक खाक
लगभग 30 हजार स्क्वायर फीट में बाउंड्री के अंदर खुले आसमान के नीचे टाल में हजारों टन लकड़ियों के लाट लगे थे। जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे तब तक आग भीषण रूप ले चुकी थी। आग लगने की इस घटना में टालमें रली 70 फ़ीसदी लकड़ी जलकर खाक हो गई।