
Satna city littered with garbage after Diwali
सतना/ मान्यता है कि दीपावली की रात घर एवं बाजार में धन लक्ष्मी की वर्षा होती है। लेकिन, सोमवार की सुबह शहर सहित बाजार की हालत देखकर ऐसा लगा जैसे दिवाली के शुभ अवसर पर धन नहीं, कचरे की बरसात हुई हो। दीपावली को बाजार में न सिर्फ प्रतिबंधित पॉलीथिन का बोलबाला रहा, बल्कि व्यापारियों ने दुकानों से निकले कचरे को सड़क पर फेंक निगम के स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शहरवासी भी पीछे नहीं रहे। दिनभर घर-द्वार की साफ-सफाई में जुटे रहवासी रात होते ही सड़कों पर पटाखे फोड़कर सड़क कचरायुक्त कर दिया। यही कारण है कि दिवाली की रात शहर में आम दिनों के मुकाबले 20 टन कचरा अधिक निकला।
कचरा देखकर भागे सफाई कर्मचारी
दीपावली की रात जोरदार ग्राहकी के बीच दुकानों से निकला कचरा सड़क पर फेंककर व्यापारी घर चले गए। बाजार बंद होते ही सफाई के लिए बाजार में उतरे सफाई कामगारों की सांस सड़कों पर लगे कचरे को देखकर फूलने लगी। बाजार की हालत देख सफाई कर्मचारी सड़क पर झाडू़ फेरे बिना ही भाग खड़ेे हुए। नतीजा, सोमवार की सुबह पूरा बाजार क्षेत्र कचरा एवं गंदगी से सराबोर नजर आया।
स्वच्छता जागरूकता की खुली पोल
स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 का आगाज हो चुका है। निगम प्रशासन शहर में स्वच्छता अभियान के साथ स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चला रहा। लेकिन, सोमवार की सुबह कचरे से पटी सड़कें और सड़क किनारे लगे कचरे के ढेर ने जागरूकता अभियान की पोल खोल दी। लोगों में न स्वच्छता के प्रति जागरूकता आई और न उनको निगम की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का डर है। शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध होने के बाद भी व्यापारी और रहवासी खुलेआम पॉलीथिन का उपयोग कर रहे हैं।
अधिकारी बोले-अब होगी कार्रवाई
सुबह सफाई व्यवस्था का जायजा लेने शहर में निकले निगम के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी बृजेश मिश्रा ने कहा कि बाजार को स्वच्छ रखने केलिए व्यापारियों को डस्टबिन रखने के निर्देश है। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए रात में बाजार बंद होते समय कचरा गाडि़यां भी आती हैं। लेकिन, व्यापारी सड़क पर कचरा डालने से बाज नहीं आ रहे। अब जागरूकता से काम नहीं चलेगा। सड़क को गंदा करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
29 Oct 2019 11:41 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
