सतना. दीपावली मेला को लेकर चित्रकूट में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गत दिवस कलेक्टर और जिपं सीईओ के निरीक्षण के बाद अतिक्रमण बड़ी समस्या के रूप में सामने आया था। जिसे हटाने के निर्देश दिए गए थे। गुरुवार को राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने गुप्त गोदावरी परिक्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक यहां लगभग 200 स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान किसी भी तरह की विवाद की स्थिति नहीं बनी। कार्रवाई के दौरान दो लोगों ने पार्र्किंग और रास्ते के लिए अपनी जमीन देने का प्रस्ताव भी दिया है।
जिपं सीइओ ने किया था मुआयना
कलेक्टर सतेन्द्र सिंह के निरीक्षण के पश्चात बुधवार को जिपं सीईओ ऋजु वाफना ने मेला परिक्षेत्र का मुआयना किया था। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रों को चिह्नित करते हुए यहां से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में गुरुवार की सुबह से यहां अतिक्रमण विरोधी दस्ता पहुंच गया था। एसडीएम कमलेश पुरी ने पहले सभी को अपना अतिक्रमण स्वयं से हटाने के निर्देश दिए तो सीएमओ रमाकांत ने यहां अतिक्रमित क्षेत्र का चिह्नांकन कराया। इसके बाद लगभग 12 बजे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। गुप्त गोदावरी रोड के दोनों ओर की दुकानों के बढ़ाए गए छज्जे, टीन टप्पर और रास्ते से लगाकर रखी गई भ_ियां और चबूतरे तोड़े गए। इस दौरान हिदायत दी गई कि अब अगर अतिक्रमण दोबारा किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। 5 घंटे तक चली इस कार्रवाई में तहसीलदार चित्रकूट गणेश देशभर्तार, मझगवां नितिन झोड़, सीएमओ रमाकांत शुक्ला सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
पीछे जाएगी नाली
सीएमओ रमाकांत शुक्ला ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जेसीबी ने आधा सैकड़ा से ज्यादा अवैध संरचनाओं को जमींदोज कर दिया और शासकीय भूमि के सभी अतिक्रमण हटा दिए गए। कुल 200 के लगभग अतिक्रमण ढहाए गए हैं। रोड के दोनों ओर वर्तमान नाली सरकारी जमीन के काफी पहले है। लिहाजा इस नाली को शासकीय जमीन की सीमा तक दोनों ओर और बाहर किया जाएगा। इसके बाद दोनों नालियों के बीच सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
बनेगी नई पार्किंग
गुप्ता गोदावरी परिक्षेत्र में नाला के समीप स्थित बैरियर के पास 25 गुणा 400 वर्गफीट की दो सीसी पार्र्किंग बनाई जाएगी। इससे यहां अनियंत्रित पार्किंग समस्या से मुक्ति मिलेगी।
दो लोगों ने जमीन दान करने का रखा प्रस्ताव
कार्रवाई के दौरान दो लोगों ने अपनी जमीन दान करने का प्रस्ताव रखा है। एक ने पार्किंग के लिये अपनी जमीन देने की बात कही है तो दूसरे ने एमपी टूरिज्म से मेन रोड तक जाने वाले रास्ते में आ रही निजी जमीन देने का प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखा। इससे मुख्य रोड पर मेले के वक्त पडऩे वाला भीड़ का दबाव कम हो जाएगा।
जारी रहेगी कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके साथ ही मेला परिक्षेत्र में आने वाले सभी लोगों से अपील की गई है कि वे कार्रवाई से बचने के लिये स्वयं से अपने अवैध कब्जे हटा लें। लगातार अलग-अलग इलाकों अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कामतानाथ परिक्रमा में भी शीघ्र ही अतिक्रमण हटाया जाएगा तो घाट सहित अन्य क्षेत्रों से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
