13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP: शहर में लगेंगी स्मार्ट होर्डिंग्स, एलईडी से जगमगाएंगी कॉलोनियां

शहर के दो प्रोजेक्ट ठेके पर, जल्द शुरू होगा काम, आय बढ़ाने के लिए निगम प्रशासन की कवायद

2 min read
Google source verification
Smart hoardings and led light in satna nagar nigam

Smart hoardings and led light in satna nagar nigam

सुखेंद्र मिश्र @ सतना। शहर के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल होने के साथ ही निगम प्रशासन अपनी फिजूलखर्ची रोकने और निगम की आय बढ़ाने की कवायद में जुट गया है। इसी तारतम्य में ननि प्रशासन शहर की दो व्यवस्थाएं ठेके पर देने की तैयारी में है। पहला प्रोजेक्ट शहर में लगी बेतरतीब होर्डिंग्स को हटाकर उनके स्थान पर महानगरों की तर्ज पर प्रमुख सड़कों एवं कॉलोनियों में स्मार्ट होर्डिंग्स लगाकर टैक्स चोरी रोकने और निगम की आय बढ़ाने का है।

दूसरा प्रोजेक्ट शहर में लगी ट्यूबलाइट एवं मर्करी स्ट्रीट लाइटों को हटाकर उनके स्थान पर एलईडी बल्ब लगाने का है। स्ट्रीट लाइट में एलईडी बल्ब के उपयोग से जहां निगम प्रशासन को हर माह लगने वाले भारी भरकम बिजली बिल से राहत मिलेगी, वहीं बिजली उपकरण खरीदने का खर्च भी कम होगा। इन दो प्रोजेक्ट को शुरू करने निगम प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जल्द ही ठेका कंपनियां दोनों प्रोजेक्ट पर अमल शुरू कर देंगी।

17.46 लाख में लगेंगे नए होर्डिंग्स
शहर की सड़कों, दीवारों एवं खभों पर टंगी 500 से अधिक होर्डिंग्स से निगम प्रशासन अभी साल में बमुश्किल 25 लाख का राजस्व ही वसूल पाता था। होर्डिंग्स लगाने वाली ठेका कंपनियां एवं अधिकारियों के बीच साठगांठ से शहर में अवैध होर्डिंग्स की भरमार थी। इससे निगम प्रशासन को सालाना 50 लाख से अधिक के राजस्व की हानि होती थी। अवैध होर्डिंग से मुक्ति और विज्ञापन से नगर निगम की आय बढ़ाने निगम प्रशासन ने शहर में पुराने सभी होर्डिंग को हटा कर नई होर्डिंग लागने की योजना है।

महानगरों की तर्ज पर होर्डिंग

महानगरों की तर्ज पर शहर की सड़कों एवं इमारतों में स्मार्ट होर्डिंग लगाने के लिए निगम प्रशासन ने भोपाल की क्रिएटिव विज्ञापन कंपनी से करार किया है। यह कंपनी 17.46 लाख रुपए में शहर में महानगरों की तर्ज पर होर्डिंग लगाने का नया प्रोजेक्ट तैयार करेगी। ठेका कंपनी पूरे शहर का सर्वे कर सड़कों एवं कॉलोनियों में होर्डिंग लगाने स्थान चिह्नित करेगी। प्रोजेक्ट के तहत शहर में दो हजार होर्डिंग एवं एक हजार पंफलेट लगाने का प्लान है। कंपनी उपयुक्त स्थान चिह्नित कर विज्ञापन बोर्ड लगाने में निगम प्रशासन की मदद करेगी। इतना ही नहीं, होर्डिंग लगाने के बाद कंपनी के अधिकारी होर्डिंग की नीलामी भी कराएंगे।

कम खर्च पर रोशन होगा पूरा शहर
नगर निगम प्रशासन शहर की बिजली व्यवस्था को जल्द निजी हाथ में सौंपने जा रहा है। निजी ठेका कंपनी शहर में लगी पुरानी स्ट्रीट लाइटों को हटाकर उनकी जगह नई एलडीई बल्ब लगाएगी। इससे जहां निगम प्रशासन का बिजली बिल का खर्च कम होगा, वहीं पूरा शहर एलईडी की दूधिया रोशनी से नहाएगा। स्ट्रीट लाइटों में एलईडी बल्ब लगाने का कार्य निजी ठेका एजेंसी को दिया जाएगा। इसके लिए सतना को क्लस्टर बनाया गया है। इसमें पन्ना, रीवा सहित क्षेत्र की बीस से अधिक नगरीय निकाय जोड़े गए हैं। क्लस्टर के तहत ठेका कंपनी अनुबंध के अनुसार शहर की प्रकाश व्यवस्था संभालेगी।

यह होगा बदलाव
- 1000 होर्डिंग लगेंगे शहर में
- 500 पंफलेट स्पॉट भी होंगे
- 01 करोड़ से अधिक आय का लक्ष्य
- विज्ञापन की चोरी पर लगेगी लगाम

हकीकत
- 14 हजार स्ट्रीट लाइट शहर में
- 30 फीसदी मेंटीनेंस के अभाव में बंद
- 35 लाख रुपए हर माह बिजली बिल
- 20 कर्मचारी लगे मेंटीनेंस में

यह होगा लाभ
- 60 फीसदी बिजली बचत एलईडी बल्ब से
- 20 लाख रुपए माह होगी बिजली बिल की बचत
- 24 घंटे में होगी स्ट्रीट लाइट की मरम्मत

अभी यह है व्यवस्था
- 300 होर्डिंग शहर में
- 200 पंफलेट खंभों में
- 200 से अधिक होर्डिंग अवैध
- 400 होर्डिंग अव्यवस्थित
- 25 लाख होर्डिंग से कुल आय