
Sports activities stopped till March 31 at Sukhendra Singh Stadium
सतना. कोरोना वायरस के चलते जवाहर नगर स्थित दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम में 31 मार्च तक सभी खेल गतिविधियां बंद रहेंगी। इस दौरान कोई भी सरकारी अथवा गैर सरकारी और निजी कार्यक्रम नहीं होंगे। अगर ऐसा करता कोई पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा यह निर्णय राज्य में लोक स्वास्थ्य एवं लोक हित के मद्देनजर लिया गया गया है। उक्त निर्णय नोबेल कोरोना (कोविड-19) वायरस संक्रमण के संभावित खतरे की रोकथाम के लिए एहतियातन लिया गया है।
जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी अहमद खान ने बताया कि प्रदेश सहित सभी जिलों के खेल परिसरों में 31 मार्च तक समस्त खेल गतिविधियां सभी प्रकार के सदस्यों के लिए स्थगित रहेंगी। इस सिलसिले में संचालक खेल और युवा कल्याण व्हीके सिंह के निर्देश पर संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान की अध्यक्षता में बीते दिन भोपाल में एक अहम बैठक आयोजित की गई। जिसमें अधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई की समस्त जिला खेल कार्यालयों के माध्यम से संचालित खेल गतिविधियां बंद रहेंगी। इस अवधि में किसी प्रकार की खेल गतिविधियां अथवा आयोजन खेल विभाग द्वारा नहीं किया जाएगा। इस सिलसिले में संभागीय जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारियों, समस्त अकादमी प्रभारी और समस्त खेल प्रशिक्षकों को पत्र भेजकर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Published on:
17 Mar 2020 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
