
The third accused was also caught, now the search for the fourth
सतना. रंगदारी वसूलने के लिए ट्रेडर्स व्यवसायी को अगवा कर उसे पीटते हुए थूक चटवाने और रंगदारी मांगने वाले आरोपी सीधी जिले से सतना लाए गए। बुधवार को सतना आने के बाद मुख्य आरोपी समेत उसके साथी को पुलिस टीम सोनौर गांव लेकर गई जहां आरोपी के घर की तलाशी लेते हुए घर के सदस्यों से पूछताछ हुई। इसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश करते हुए पूछताछ के लिए पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाही करने का प्रस्ताव भी बनाकर भेज दिया गया है। देर रात पुलिस ने घटना में शामिल तीसरे आरोपी प्रहलाद कुशवाहा निवासी उचेहरा को भी पकड़ लिया है। अब चौथे आरोपी की तलाश है।
आरोपी को पैदल ले गई पुलिस
एसपी के निर्देश पर रामनगर थाना टीआइ अशोक गौतम अपनी टीम के साथ आरोपी शशांक सिंह बघेल और उसके साथी विनय सिंह को सीधी से सतना लेकर आए। यहां कोलगवां थाना में दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद टीआइ कोलगवां थाना देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान आरोपियों को लेकर नागौद गए। नागौद से टीआइ राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा अपनी टीम के साथ चले और फिर दोनों टीआइ आरोपियों को लेकर उनके गांव सोनौर गए। गांव में अंदर जाने के लिए रास्ता सही नहीं था इसलिए बाहरी हिस्से में गाड़ी खड़ी कर आरोपियों को पुलिस पैदल लेकर गई। शशांक के घर की तलाशी ली गई। आरोपी ने गोली मारने को धमकाया था इसलिए असलहा तलाशा गया लेकिन मिला कुछ नहीं। पुलिस ने वह कपड़े यहां से जब्त किए जो आरोपी ने घटना के वक्त पहने थे।
यह है मामला
पीडि़त संतोष पाण्डेय पुत्र दोलत राम पाण्डेय (33) निवासी उरदान थाना नागौद मंगलवार को यहां एडिशनल एसपी सुरेन्द्र कुमार जैन को आवेदन देकर हकीकत बताई और वह वीडियो भी दिखाया जिसमें आरोपियों की हरकत थी। फरियादी ने यह भी बताया कि वह १५ अगस्त की दोपहर सवा 1 बजे नागौद कोतवाली अपने भाई अवधेश पाण्डेय के साथ गया था। जहां पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया लेकिन उसकी रिपोर्ट सही नहीं लिखी और धारा 155 के तहत एनसीआर देकर चलता कर दिया।
सतना के व्यापारी से पूछताछ
फरियादी के आरोप के आधार पर खेरमाई रोड सतना के रोहित अग्रवाल से भी पूछताछ की गई है। आरोप है कि रोहित ने पैसा वसूली के लिए गुण्डे भेजे थे। सूत्रों का कहना है कि यह बात सामने आ रही है कि डेढ़ लाख रुपए की वसूली के लिए बीते साल रोहित, शशांक अपने साथियों के साथ फरियादी के पास गए थे। तब फरियादी और उसके साथियों ने इनके साथ मारपीट कर दी। रिपोर्ट इसलिए नहीं की गई कि इन्हीं व्यक्तियों पर बाहर से आकर मारपीट करने का आरोप लग जाता।
कोलगवां में दर्ज है प्रकरण
आरेापी शशांक के खिलाफ दिसंबर 2020 में थाना कोलगवां में एक प्रकरण दर्ज हुआ था। तब सोनौरा बाइपास में विद्युत कंपनी के जेई से विवाद करने पर इसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली और जान से मारने की धमकी का प्रकरण दर्ज हुआ था। इसके बाद अब नागौद थाना में आरोपी शशांक बघेल व उसके तीन साथियों के खिलाफ थाना नागौद में धारा 365, 376, 341, 294, 323, 500, 506, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
एनसीआर पर उठे सवाल
इस तरह के घटनाक्रम को अपने तरीके से बदल देने वाली नागौद थाना पुलिस के अधिकारियों को एसपी ने फटकार लगाई है। सब कुछ जानते हुए भी एनसीआर काट देने पर एसपी ने नाराजगी जाहिर की है और भविष्य में इस तरह गलती नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
ब्राम्हण समाज ने सौंपा ज्ञापन
अखिल भारतीय ब्राम्हण महासभा ने घटना को लेकर आक्रोश जाहिर करते हुए बुधवार को पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव को ज्ञापन दिया है। फरियादी और उसकी पत्नी को भी सामने करते हुए आपबीती सुनाई गई। ब्राम्हण समाज ने पीडि़त संतोष पाण्डेय को थूक चाटने को विवश करने वाले शशांक सिंह के विरुद्ध सख्त कार्यवाही एवं सामाजिक बहिष्कार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित अखिल भारतीय ब्राम्हण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश दुबे एवं सतना जिला अध्यक्ष रोहित पाण्डेय की अगुवाई में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया। मांग की गई है कि न्यायालय की अनुमति लेकर आरोपियों के घर की कुर्की की कार्यवाही भी की जाए।

Published on:
19 Aug 2021 12:28 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
