
सतना। सांसद गणेश सिंह ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं टटोली। कॉलेज प्रबंधन, स्टाफ और चिकित्सा छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी और निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान डीन डॉ एसपी गर्ग ने उनको बताया कि मेडिकल कॉलेज में कैंसर सर्जन और न्यूरो सर्जन की पदस्थापना हो चुकी है। वे यहां ज्वाइन भी कर चुके हैं, लेकिन जिला अस्पताल में सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई वाली ओटी नहीं है। संबंधित ऑपरेशन से संबंधित सर्जरी के उपकरण नहीं हैं। इस वजह से यहां मरीजों को इन विशेषज्ञ सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सांसद ने इसे संज्ञान में लेते हुए सिविल सर्जन को ओटी और सर्जरी उपकरणों की व्यवस्था के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज तालाब का सौंदर्यीकरण स्मार्ट सिटी से
डीन डॉ गर्ग ने सांसद को बताया कि कॉलेज की एक जमीन खाली पड़ी हुई है। उसका सीमांकन हो जाए तो उपयोगिता सिद्ध हो जाएगी। सांसद ने एसडीएम को तत्काल प्रभाव से इसका सीमांकन करवाकर पजेशन दिलवाने को कहा। मेडिकल कॉलेज को मिले नर्सिंग कॉलेज और नर्सिंग हॉस्टल की जानकारी दी गई। 15 करोड़ की लागत से 140 सीटर नर्सिंग कॉलेज बनना है। सांसद ने कॉलेज परिसर में रिक्त जमीन नर्सिंग हाॅस्टल बनाने और तालाब के पास नर्सिंग कॉलेज बनाने का निर्णय दिया। डीन ने बताया कि इस तालाब का सौंदर्यीकरण स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किए जाने की बात हुई थी लेकिन आज तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया है। सांसद ने निगमायुक्त को तालाब का सौंदर्यीकरण स्मार्ट सिटी से कराने के निर्देश दिए। जल्द ही इसका प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। डीन ने मेडिकल कॉलेज के भविष्य में सुपर स्पेशलिटी सेंटर की बात भी रखी। इसके लिए सांसद ने जमीन का निर्धारण करने एसडीएम को निर्देश दिए। उन्होंने रीवा रोड से मेडिकल कॉलेज की शेष रोड को पूरा करने और मार्ग चौड़ीकरण के लिए जमीन अर्जन का मामला शीघ्र निपटाने के निर्देश एसडीएम नीरज खरे और निगमायुक्त शेर सिंह मीना को दिए।
बिजली, पार्किंग और कैंटीन की समस्या
सांसद ने चिकित्सा छात्रों और चिकित्सा अध्यापकों से भी चर्चा की। उनको बताया गया कि मेडिकल कॉलेज के लिए बिजली की जो सप्लाई है उससे रेसिडेंशियल एरिया अलग है। इससे बिजली की समस्या हो रही है। कैंटीन काफी दूर बनी है। सामान्य तौर पर चाय आदि के लिए भी दूर जाना पड़ता है। लिहाजा रेसिडेंशियल एरिया में किचन की मांग की गई। पार्किंग की समस्या बताई गई। महिला स्टाफ ने कहा कि जेल रोड साइड लाइट नहीं होने से आवागमन में दिक्कत होती है। सांसद ने बिजली अफसरों से यहां सब स्टेशन का प्लान तैयार करने को कहा। किचन की व्यवस्था के निर्देश दिए। मूल पार्किंग न बनने तक अलग से पार्किंग के लिए शेड बनाने को कहा। वाटर कूलर, वाशिंग मशीन, टीवी, खेल सामग्री की व्यवस्था पूरी करने आश्वास्त किया।
मेडिकल स्टूडेंट के लिए बस की व्यवस्था होगी
सितंबर महीने में मेडिकल कॉलेज के छात्र जिला अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए आना शुरू करेंगे। सांसद ने इनके लिए बस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर से उन्होंने कहा कि लगभग 100 की संख्या में मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर जो जिला अस्पताल में ओपीडी, ऑपरेशन व अन्य चिकित्सा के लिए आ रहे हैं, उनके बैठने और प्रसाधन की व्यवस्था की जाए, जिससे वे मरीजों को सही तरीके से देख सकें और ईलाज कर सकें।
दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम निर्माण का भुगतान रोकने के निर्देश
सांसद ने दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम को भी देखा। पाया कि मैदान में पानी भरा हुआ है। जगह भी समतल नहीं है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इसे देख नाराजगी जाहिर की और निगमायुक्त से कहा कि जब तक इसका सुधार नहीं हो जाता, तब तक ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाए। स्टेडियम की दर्शक दीर्घा में लगाए गए स्टोन पर आपत्ति जाहिर की। कहा कि यह पुराने दिख रहे हैं। ऐसा लग रहा कि पुराने वाले को सुधार दिया गया है। हालांकि सफाई में कहा गया कि नए लगाए गए हैं।
10 करोड़ का सत्यानाश कर दिया
स्टेडियम के निर्माण कार्यों से असंतुष्ट नजर आए सांसद ने कहा कि 10 करोड़ का खर्चा हो गया, लेकिन कुछ वैसा दिख नहीं रहा है। इतनी राशि के नोट यहां फैला दिए जाते तो लोग देखने आते। सत्यानाश कर दिया है पैसों का और काम वैसा दिख नहीं रहा है। मैदान ऐसा है कि खिलाड़ी गिर कर घायल होंगे। बैडमिंटन कोर्ट, टेनिस कोर्ट और बास्केटबाल कोर्ट में सुधार के निर्देश दिए। धवारी स्टेडियम, इंक्यूबेशन सेंटर, नेक्टर झील का भी निरीक्षण किया। नेक्टर झील प्रोजेक्ट में मैरिज गार्डन प्रस्ताव शामिल न करने के स्पष्ट निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी के अधिकारी, निगम के पूर्व स्पीकर सुधीर सिंह तोमर, अनिल जायसवाल, पूर्व महापौर पुष्कर सिंह सहित अन्य भाजपा नेता शामिल रहे।
अंतर प्रांतीय बस अड्डे के निर्माण पर नाराजगी
अंतर प्रांतीय बस अड्डे के निर्माण की गुणवत्ता पर सांसद ने नाराजगी जाहिर की। हालांकि ईई ठेकेदार के पक्ष में सफाई देते नजर आए। सांसद ने इसे सतना की ऐतिहासिक धरोहर की थीम पर इंटीरियर बनाने को कहा। बस स्टैंड को दैजवार गांव की तरफ की सड़क और नहर के किनारे से रीवा रोड की मुख्य रोड से जोड़ने का प्लान तैयार करने को कहा। इसके बाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। कहा, यहां जो खिलाड़ी और कोच आएंगे उनके रुकने के लिए आवासीय सुविधा विकसित की जाए।
एक साल के अंदर बिखर गई कायाकल्प की रोड
सांसद ने मेडिकल कॉलेज से कृपालपुरपुरैनिहा तक कायाकल्प अभियान के तहत बनाई गई रोड का निरीक्षण किया। साल भर के अंदर बनी इस रोड की हालत खस्ता हो गई है। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसकी जांच के निर्देश दिए। साथ ही तत्काल सुधार कराने कहा। निगमायुक्त से सीवर लाइन के रेस्टोरेशन का काम तेजी से कराने कहा।
Updated on:
03 Aug 2024 10:36 am
Published on:
03 Aug 2024 10:35 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
