सतना। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में निकली गई तिरंगा यात्राओं से शहर आजादी के जश्न में डूब गया। आजादी के परवानों को श्रद्धांजलि देने कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। आजादी के अमृ़त महोत्सव के तहत घर-घर तिरंगा वितरित किया गया। शाम को पुलिस ने बैंड बाजे के साथ हाथ में तिरंगा थामे बाइक रैली निकाली।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सतना नगर इकाई ने शहर में 500 मीटर लंबा तिरंगा निकाल कर रिकार्ड बनाया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुभाष पार्क से हुआ जो जयस्तंभ चौक, बिहारी चौक, पन्नीलाल चौक, अस्पताल चौराहा, दुर्गा माता मंदिर, पावर हाउस चौक, हनुमान चौक, गांधी चौक होते हुए सुभाष पार्क समाप्त हुई।
यात्रा के समापन भारत माता की आरती के साथ किया गया। तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डा.संजय महेश्वरी ने स्वस्थ मानव जीवन और राष्ट्र भक्ति पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में वक्ता के रूप में उपस्थित अभाविप रीवा विभाग संगठन मंत्री देवी सिंह द्वारा राष्ट्र पुनर्निर्माण में परिषद की बढ़ती भूमिका व राष्ट्र प्रथम का भाव हर एक व्यक्ति में समाहित हो ऐसे ध्येय को लेकर अपनी 75 वर्षों की यात्रा पूर्ण कर चुकी अभाविप के बारे में बताया गया।