
Husband murder (Photo Source - Patrika)
Husband murder: कोठरा हत्याकांड का जैतवारा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्या में मृतक की पत्नी और उसके दोस्त की साजिश सामने आई है। पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी और षड्यंत्र में शामिल मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। गत 5 मार्च कौशलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ डब्लू का खून से लथपथ शव पुल के नीचे मिला था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेह के घेरे में आए संदीप पटेल (32) निवासी बेलदान थाना बिसंडा जिला बांदा (यूपी) तथा मृतक की पत्नी कुसुम सिंह उर्फ रीना (28) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
मनोवैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या की साजिश स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार 4 मार्च की सुबह संदीप पटेल गुजरात से बांदा आया। फिर बाइक (यूपी-90 एई 2297) से कोठरा पहुंचा और नदी के आसपास छिपा रहा। रात करीब 10 बजे जब कौशलेन्द्र घर की ओर जा रहा था, तब उसने उसे रोक लिया। आरोपी ने नदी किनारे उसे शराब पिलाई और जब वह नशे में अचेत हो गया तो भारी पत्थर से सिर पर तीन बार वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर नदी पुल के नीचे फेंक दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप और मृतक की पत्नी रीना के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी, जो डब्लू को पसंद नहीं थी। इस बात को लेकर कई बार विवाद हुआ था। करीब एक माह पहले दोनों की मोबाइल पर दोस्ती हुई थी। पुलिस ने बताया कि संदीप और रीना के बीच प्रेम प्रसंग की आशंका कौशलेंद्र को बनी रहती थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि कौशलेंद्र ने उससे करीब 25 से 30 हजार रुपए उधार लिए थे और वापस नहीं कर रहा था। इस बात से भी वह नाराज था।
कौशलेंद्र पहले सूरत में निजी सुरक्षा कंपनी में सुपरवाइजर था। वहीं संदीप पटेल सूरत की धागा कंपनियों में कमीशन पर सतना और बांदा से मजदूर भेजने का काम करता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी। पुलिस ने हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी रीना के दो बच्चे हैं, जबकि आरोपी संदीप भी शादीशुदा और बाल-बच्चों वाला है।
Published on:
09 Mar 2026 03:57 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
