
जल संग्रहण विकास एवं भू संरक्षण योजना - लाभांवितों की सूची में हेराफेरी का आरोप
लाभांवितों की सूची में हेराफेरी का आरोप
बौंली थाने में मामला दर्ज पुलिस जुटी जांच में
जल संग्रहण विकास समिति सचिव, सहायक अभियंता तथा सरपंच पर आरोप
सवाईमाधोपुर जिले के बौंली क्षेत्र में जल संग्रहण विकास एवं भू संरक्षण योजना के तहत लाभार्थियों की जारी सूची में हेराफेरी करके राशि हड़प कर ली गई। सरकारी योजना में फर्जीकारी के इस प्रकरण में राशि के गबन करने का मामला पुलिस थाने पर पहुंचा है।
इस मामले में पीडि़त मोहनलाल निवासी बागडोली ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें राशि गबन करने का जल संरक्षण विकास एवं भू संरक्षण समिति सचिव विनोदबैरवा ,सहायक अभियंता रामरस मीणा व सरपंच गंभीर गुर्जर पर आरोप लगाया है।
मोहनलाल के अनुसार उसने जल संग्रहण विकास एवं भू संरक्षण योजना के अंतर्गत आवेदन किया था। इसमें उसने चारा कुट्टी की मशीन के लिए 17 हजार 817 रुपए जमा करवाए थे। इस योजना के तहत ग्राम बागडोली के करीब 44 व्यक्तियों को योजना का लाभ मिला था। इन 44 लोगों की अधिशासी अभियंता कार्यालय द्वारा सूची जारी की गई जिसमें उसका नाम अंकित शामिल था। मोहनलाल का आरोप है कि लाभार्थियों की जारी सूची में हेराफेरी करके उसका नाम हटाकर अन्य सदस्यों का नाम अंकित कर दिया गया। मोहनलाल का कहना है कि जिन लोगों के नाम सूची में हेराफेरी करके अंकित किए गए हैं , उन लोगों ने सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं किया था। आरोप लगाया है कि दूसरा प्रिंट दस्तावेज बनाकर लाभार्थियों की मिलने वाली राशि को अन्य के खातों में डाल कर फर्जीकारी की गई है। अन्य लाभार्थियों के खाते में योजना के पैसे आने और मोहनलाल को नहीं मिलने पर उसको इस हेराफेरी किए जाने का पता चला। इस पर मोहनलाल ने बौंली थाने पर रिपोर्ट सौप कर विभागीय अधिकारियों सहित सरपंच के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
यह है योजना
सरकारी योजना जल संरक्षण विभाग एवं भू संरक्षण योजना के तहत 17817 जमा करवा कर चारा कुट्टी मशीन प्राप्त होती है। इसमें एसटी एससी के लिए 90 प्रतिशत की छूट व सामान्य वर्ग के लिए 80 प्रतिशत छूट है । योजना के तहत बागडोली ग्राम के 44 लोगों ने आवेदन किया था। लेकिन विभागीय अधिकारियों व सरपंच की मिलीभगत से तीन नाम बदल दिए गए। मोहन लाल मीणा, भंवरलाल मीणा ,मथुरा लाल मीणा के स्थान पर अन्य का नाम अंकित कर दिया। इस फर्जीकारी को लेकर मोहन लाल मीणा ने बौंली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है
योजना के तहत लाभांवित लोगों की सूची बागडोली ग्राम पंचायत सरपंच को भेज दी गई थी। नाम बदलने का काम सरपंच द्वारा ही किया गया है। इसको लेकर बौंली थाने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
श्री राम मीणा, कनिष्ठ अभियंता जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण
विभाग द्वारा जारी लिस्ट को ही बैंक में जमा करवाया है। मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार है । मेरे द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया
गंभीर गुर्जर, सरपंच ग्राम पंचायत बागडोली
Published on:
19 Sept 2022 09:49 am
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
