
सवाईमाधोपुर शहर स्थित बावड़ी पर श्रमदान करते अधिकारी।
सवाईमाधोपुर. नगर परिषद के तत्वावधान में सोमवार से जल स्वावलम्बन सप्ताह का आगाज हुआ। इसके तहत शहर स्थित भीलवाल बावड़ी में सफाई कार्य व श्रमदान किया गया। नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र सिंह यादव ने बताया कि इस दौरान नगर परिषद कार्मिकों, अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों ने बावड़ी में लगी झाडिय़ों आदि की सफाई की और बावड़ी के स्वरूप को निखारा। अधिकारियों ने लोगों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अधिशासी अभियंता राकेश शर्मा, सहायक अभियंता नीलम कोठारी, राजस्व अधिकारी पवन मथुरिया आदि मौजूद थे। इसी क्रम में मंगलवार को माइक के माध्यम से प्रचार कार्यक्रम, बुधवार को नुक्कड़ नाटक, गुरुवार को जागरूकता रैली व शुक्रवार को डॉक्यूमेंट्री का विमोचन व सम्मान समारोह होगा।
बिजली-पानी को लेकर महिलाएं सड़क पर मासूम बच्चे भी बैठे रहे तपती सड़क पर
मलारना डूंगर. उपखण्ड मुख्यालय पर बिजली पानी की समस्या से त्रस्त महिलाओं ने सोमवार सुबह सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान महिलाओं द्वारा जाम की सूचना पर युवक कांग्रेस कार्यकर्ता भी उनके समर्थन में सड़क पर बैठ गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश की, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं बिजली व जलदाय विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात पर अड़ गई। करीब आधा घंटे बाद थाना प्रभारी बृजेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे जहां तहसीलदार व थाना प्रभारी ने मिलकर प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने पौने बारह बजे जाम खोला। इससे पूर्व आधा घंटे तक तहसीलदार जाम स्थल पर अपने वाहन में ही बैठे रहे। गौरतलब है कि उपखण्ड मुख्यालय पर बीते कई दिनों से ना तो नियमित बिजली सप्लाई हो रही है।
ना ही समय पर पानी मिल रहा है। बार बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ तो सोमवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। ऐसे में पहले तो इंदिरा कॉलोनी की महिलाएं एकत्रित होकर उपजिला कलक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन के लिए निकली। इस दौरान बीच रास्ते में पहुंचने पर सुबह 11 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास ही महिलाएं मुख्य सड़क पर बैठ गई। इससे कस्बे का प्रमुख मार्ग जाम हो गया। कई वाहन जाम में अटक गए। इस दौरान करेल ग्राम पंचायत के राजस्व शिविर में भाग लेने जा रहे तहसीलदार गौरीशंकर शर्मा का वाहन भी जाम में फंस गया।
चिलचिलाती धूप में बच्चे भी बैठे सड़क पर
कस्बे में बिजली पानी की समस्या से त्रस्त महिलाओं के साथ बच्चे भी चिलचिलाती धूप में बैठकर प्रदर्शन करते नजर आए। इस दौरान छोटे छोटे बच्चे बड़ों के साथ करीब पौने एक घंटे तक धूप में सड़क पर बैठे रहे। पौने घंटे धूप में बैठे रहने के बावजूद ना तो मौके पर जलदाय अधिकारी ना ही बिजली निगम से कोई प्रतिनिधि मौके पर पहुंचा।
Published on:
05 Jun 2018 01:41 pm
