
ग्राम पंचायत भवन। फोटो। पत्रिका
सवाई माधोपुर। जिले के चौथकाबरवाड़ा क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों को राज्य वित्त आयोग से 3 करोड़ 41 लाख रुपए से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। इस बजट के मिलने से लंबे समय से अटके विकास कार्यों को संजीवनी मिल गई है। इस राशि के प्राप्त होने से ग्राम पंचायतें अपने विकास कार्य आगे बढ़ा पाएंगे। अब ग्राम पंचायतें अपनी वार्षिक कार्य योजना के साथ-साथ आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य भी इस राशि से करवा सकेंगी। आम तौर पर राज्य वित्त आयोग की राशि अप्रैल माह में जारी होती है, लेकिन इस बार यह जून में पंचायतों के खातों में डाली गई।
आयोग से मिलने वाली राशि आबादी के आधार पर तय मापदंडों के अनुसार दी जाती है। पंचायतें पहले से ही कार्य योजना तैयार कर लेती है, ताकि राशि मिलते ही विकास कार्य शुरू किए जा सकें। पिछले एक वर्ष से बजट न मिलने के कारण पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़े थे। सवाई माधोपुर जिले के चौथकाबरवाड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। गांवो के प्रशासकों ने कई बार सरकार से वित्त आयोग की राशि जारी करने की मांग की थी। जिसके बाद सरकार ने पंचायतों के लिए बजट पेश किया है। अब सरकार की ओर से बजट जारी किए जाने से पंचायतों में सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग, नाला निर्माण, सफाई व्यवस्था, मरम्मत कार्य और आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों को गति मिलेगी।
आदलवाड़ा कला 9,96,318 रुपए, बलरिया 12,56,227, भगवतगढ़ 23,55,300, भेड़ोला 10,49,962, बिजारी 13,13,145, चौथकाबरवाड़ा 35,35,468, डेकवा 11,43,146, डिडायच 11,65,309, ईसरदा 19,11,792, झोपड़ा 13,05,590, जौला 10,05,385, खिजूरी 9,33,859, कुस्तला 18,65,200, महापुरा 9,03,889, मुई 15,97,735, पांचोंलास 13,46,893, पांवड़ेरा 11,89,739, रजवाना 13,70,315, रवाजना चौड़ 12,75,619, रवाजना डूंगर 13,83,915, सारसोंप 16,53,898, शिवाड़, 22,52,293, टापुर 12,90,730 रुपए की राशि मिली। इस बजट से न केवल अधूरे पड़े कार्य पूरे होंगे, बल्कि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। पंचायतों में सड़कें दुरुस्त होंगी, नालों का निर्माण होगा और सफाई व्यवस्था मजबूत होगी। आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य भी इस राशि से किए जा सकेंगे।
पंचायत समिति ने बताया कि राज्य वित्त आयोग की राशि ग्राम पंचायतों में पहुंच चुकी है। अब यह राशि गांवों के विकास कार्यों में खर्च की जाएगी।
-इंदरराज मीणा, विकास अधिकारी चौथकाबरवाड़ा।
Updated on:
06 Jun 2026 10:01 am
Published on:
06 Jun 2026 09:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
