
सवाईमाधोपुर. पीछा कर रही पुलिस को रोकने के लिए कोटा-लालसोट मेगा हाइवे पर चलते हुए बजरी खाली करता डंपर चालक।
मलारनाडूंगर (सवाईमाधोपुर). सवाईमाधोपुर मेगा हाईवे स्थित भाड़ौती पुलिस चौकी के सामने शनिवार को नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे ओवरलोड बजरी से भरे डंपर का पीछा कर रही पुलिस की जान पर बन आई। डंपर चालक ने गश्ती वाहन सहित पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। चालक ने पुलिस को रोकने के लिए चलते डंपर से हाईवे पर बजरी खाली कर दी। इससे हाईवे पर भारजा गद्दी मोड़ से रसूलपुरा गांव तक बजरी बिखर गई। डंपर चालक मलारना चौड़ पुलिस चौकी के सामने से नाकाबंदी तोड़ कर लालसोट की तरफ भाग गया।
पुलिस के अनुसार कोटा-लालसोट मेगा हाईवे स्थित भाड़ौती पुलिस चौकी के सामने अवैध बजरी परिवहन रोकने के लिए नाकाबंदी की गई थी। रात भर एक भी वाहन बजरी लेकर नहीं निकला। सुबह 7 बजे बजरी का ओवरलोड डंपर सवाईमाधोपुर की तरफ से आया। डंपर चालक को रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी चालक ने रुकने की बजाय नाकाबंदी तोड़ दी। पुलिस कर्मियों ने गश्ती वाहन से डंपर का पीछा कर भारजा गद्दी मोड़ के पास उसे रोक लिया। पुलिसकर्मियों ने चालक व हेल्पर को डंपर से नीचे उतारने का प्रयास किया तो चालक ने गश्ती वाहन सहित नीचे खड़े पुलिसकर्मियों पर डंपर चढ़ा कर जान से मारने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने इधर उधर भागकर जान बचाई। पुलिस कर्मियों ने फिर पीछा किया तो चालक ने चलते डंपर से हाईवे पर बजरी खाली करदी। पुलिस ने मलारना चौड़ में नाकाबंदी कराई, लेकिन यहां भी नाकाबंदी तोड़ कर आरोपी लालसोट की तरफ भाग गया। इस दौरान डंपर चालक का मोबाइल फोन गिर गया। पुलिस कर्मियों ने फोन जब्त कर लिया है।
-----
चालक, हेल्पर व मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्जघटना के बाद पुलिस ने हेड कांस्टेबल राकेश कुमार की तहरीर पर डंपर चालक लोकेश पुत्र रतनलाल मीना निवासी चैनपुरा, हेल्पर विकास पुत्र मनोहर लाल गुर्जर निवासी बरियारा तथा डंपर मालिक मकसूद पुत्र सरफुद्दीन निवासी रसूलपुरा को नामजद करते हुए बजरी चोरी करने, राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा जान लेवा हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
Updated on:
4 May 2024, 6:58 PM IST
Published on:
4 May 2024, 6:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.