
फोटो पत्रिका नेटवर्क
Sawai Madhopur Post Office Bomb Threat: राजस्थान के सवाईमाधोपुर शहर का माहौल मंगलवार को अचानक बदल गया। सुबह तक सब कुछ सामान्य था, कर्मचारी हर दिन की तरह अपने काम में व्यस्त थे। लेकिन दोपहर होते-होते एक ईमेल ने पूरे प्रशासन को हिला दिया।
ईमेल में साफ लिखा था कि मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की योजना बनाई गई है। जैसे ही यह सूचना पुलिस तक पहुंची, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मानटाउन थाना पुलिस, डीएसबी टीम और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को खाली कराया गया, कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और चारों ओर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू हुआ।
सूचना के बाद पोस्ट ऑफिस में हर कमरे, हर कोने की बारीकी से जांच की गई। घंटों चली इस कार्रवाई के बाद राहत की सांस तब मिली जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस का कहना है कि धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी और साइबर टीम इसकी गहन जांच कर रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान कर उसे कानून के शिकंजे में कसने की तैयारी की जा रही है। यह पहली बार नहीं है जब जिले में इस तरह की धमकी सामने आई हो।
इससे पहले भी स्कूलों, कॉलेजों और अदालतों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हर बार जांच के बाद धमकी झूठी साबित हुई है, लेकिन हर बार शहर में डर और तनाव का माहौल जरूर बन जाता है।
कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी एएसआई के नाम से आए इस मेल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। मेल में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि दोपहर 1 बजे कार्यालय में बम ब्लास्ट किए जाएंगे।
इस पर जिला पुलिस मुस्तैद रही। धमकी भरा मेल मिलते ही प्रशासन ने बिना देरी किए सुरक्षा के कड़े कदम उठाए गए। यहां दोपहर 1 बजे का समय होने के कारण पोस्ट ऑफिस को सील कर दिया गया।
इस दौरान यहां मौजूद सभी स्टाफ व अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे मुख्य डाकघर को भी खाली करवा लिया गया। इस दौरान डाकघर के मुख्य द्वार पर पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। जिससे कोई अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि सवाई माधोपुर डाक अधीक्षक ने फोन कर सूचना दी थी कि मेल पर पोस्ट ऑफिस बिल्डिंग को बम से उड़ाने की सूचना मिली है।
सूचना मिलते ही सवाई माधोपुर जिला पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मेटल डिटेक्टर की मदद से पूरे परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगाला।
Published on:
10 Mar 2026 04:47 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
