8 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सवाई माधोपुर: खनन विभाग की टीम पर बजरी माफिया का हमला, होमगार्ड की राइफल ने बचाई जान

सवाईमाधोपुर पुराने शहर की गलियों में रविवार सुबह ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने लोगों को दहला दिया। खनन विभाग की टीम बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाने ले जा रही थी।

2 min read
Google source verification

फोटो पत्रिका

सवाईमाधोपुर। पुराने शहर की गलियों में रविवार सुबह ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने लोगों को दहला दिया। खनन विभाग की टीम बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाने ले जा रही थी। तभी शहर भैरू दरवाजे के पास अचानक एक बोलेरो कार आई और उसमें सवार चार-पांच बदमाशों ने सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। हालांकि बदमाश कोई नुकसान पहुंचाते उससे पहले ही बॉर्डर होमगार्ड ने राइफल तान दी। इससे बदमाश भाग गए। आरोपी भागते-भागते ट्रॉली से बजरी सड़क पर फैला गए।

लोगों में बना रहा डर

भैरू दरवाजा निवासी लोगों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे रामद्वारा पर ट्रैक्टर पकड़ा गया था। जब उसे थाने लाया जा रहा था तभी हमला हुआ। यह घटना आबादी वाले इलाके में हुई, जिससे बच्चों और महिलाओं में डर का माहौल बन गया।

कोतवाली थाने में सौंपी शिकायत

खनन विभाग की टीम किसी तरह ट्रैक्टर कोतवाली थाने पहुंचाने में सफल रही, जहां जब्ती की कार्रवाई की। विभाग ने थाने में शिकायत दी है। लेकिन उच्च अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। फोरमेन देशराज मीणा ने सिर्फ इतना कहा कि “राइफल तानी गई थी, चलाई नहीं गई।” इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया और दोबारा संपर्क करने पर जवाब नहीं दिया।

माफिया के हौसलें बुलंद जिले में प्रशासनिक व खनिज विभाग की अनदेखी से बजरी माफिया के हौसलें बुलंद है। अब आबादी वाले इलाके में खुलेआम हमला कर रहे है। ऐसे में टीम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे है। घटना के दौरान यदि होमगार्ड न होता तो क्या होता। उधर, इस मामले में खनिज विभाग के अधिकारी भी बचते नजर आ रहे है।

इनका कहना है…

खनन विभाग की टीम बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाने ले जा रही थी। तभी भैरू दरवाजे के पास एक कार में सवार चार-पांच बदमाशों ने सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। उनका इरादा ट्रैक्टर छुड़वाना था। इसके बाद खनन विभाग ने टीम ने थाने में शिकायत सौंपी है।

मदनलाल मीणा, थानाधिकारी, कोतवाली सवाईमाधोपुर