सवाईमाधोपुर. जिले में गत दिनों एकाएक आए तेज अंधड़ जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को भारी पड़ा है। पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो तेज अंधड़ से टूटे तार, विद्युत पोल व क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर से बिजली निगम को करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए से अधिक का फटका लगा है। गत दिनों आए तेज अंधड़ से विद्युत निगम को 5 करोड़ 45 लाख रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है। यह आंकड़े गत दिनों विद्युत निगम की ओर से किए गए सर्वे से पता चला है।
दरअसल, गत दिनों जिले में तेज अंधड़ आफत बनकर आया। तेज हवा से ना केवल बिजली निगम के विद्युत पोल, तार टूटे है और ट्रांसफार्मर खराब हुए है, बल्कि कई हिस्सों में पेड़ धराशायी हो गए। इसके अलावा विद्युत तारों पर पेड़ो की टहनियां टूटकर गिरने से फाल्ट की समस्या रही। ऐसे में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में देर तक बिजली गुल रही। वहीं आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त रहा।
1723 विद्युत पोल टूटे, बिजली रही थी गुल
गत दिनों आए तेज अंधड़ से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1723 विद्युत पोल टूटे है। इनमें 33 केवी के 36 विद्युत पोल, 11 केवी के 1190 विद्युत पोल व एलटी पोलों की संख्या 497 है, जबकि तेज अंधड़ से 121 थ्री फेज ट्रांसफार्मर, 74 वन फेज विद्युत ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए है। इन पर एक करोड़ 53 लाख 29 हजार रुपए का विद्युत निगम को नुकसान हुआ है। ऐसे में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो दिन तक बिजली आपूर्ति ठप रही। हालांकि बाद में निगम ने विद्युत पोल लगवाकर व तार ठीक करवाकर बिजली को चालू कराया। हालांकि अब भी बामनवास के करीब कई गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है।
जिले में 90 किमी तक विद्युत लाइन टूटी
विद्युत निगम के अनुसार तेज अंधड़ से जिले में करीब 90 किलोमीटर तक विद्युत लाइन टूटी है। 33 केवी लाइन 2.20 किलोमीटर तक टूटी है। इसमें निगम को 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं 11 केवी लाइन 61.22 किमी तक टूटी है। इनमें निगम को 2 करोड़ 45 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसी प्रकार एलटी एबीसी की 26.15 किमी तक लाइन टूटी है। इसमें निगम को 1 करोड़ 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
अब भी कई गांवों में ठप बिजली
पिछले दिनों आए तेज अंधड़ से जिले के बामनवास सहित कई गांवों में अब भी बिजली आपूर्ति की व्यवस्था ठप है। इसका असर जलापूर्ति पर भी पड़ रहा है। बिजली ठप होने से जलदाय विभाग की पेयजल टंकियों में पानी का भण्डारण नहीं हो पा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति पर्याप्त नहीं हो रही है। ऐसे में लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। हालांकि निगम के कार्मिक बिजली आपूर्ति सुचारू करने में जुटे है।
फैक्ट फाइल
-जिले में टूटे 33 केवी पोल की संख्या-36
– 11 केवी विद्युत पोल-1190
– थ्री फेज ट्रांसफार्मर हुए क्षतिग्रस्त-121
– वन फेज ट्रांसफार्मर हुए क्षतिग्रस्त-74
-विद्युत एलटी पोल टूटे-74
-33 केवी सिस्टम में नुकसान-17 लाख
-11 केवी सिस्टम में नुकसान-398.29 लाख
-एलटी सिस्टम में नुकसान-129.74 लाख
इनका कहना है
जिले में गत दिनों आए तेज अंधड़ से टूट तार, विद्युत लाइन व क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर से बिजली निगम को साढ़े पांच करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। विद्युत कार्मिकों की मदद से विद्युत पोलों को बदलने, फाल्ट की समस्या को दूर कर बिजली आपूर्ति सुचारू की है। कुछ गांवों में समस्या है तो ठीक कराया जाएगा।
एसके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता, खैरदा डिस्कॉम सवाईमाधोपुर