13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सवाई माधोपुर

बजट में आईसीटी लेब की मिले सुविधा, खेल मैदानों की सुधरे दशा

-आगामी राज्य सरकार के बजट से जिलेवासियों को है कई उम्मीदें

Google source verification

सवाईमाधोपुर.आगामी दिनों में राज्य सरकार से घोषित होने वाले बजट को लेकर जिले के लोगों को काफी उम्मीदे है। ऐसे में जिलेवासियों को शिक्षा के क्षेत्र में कई अधूरी मांगे पूरी और नई सौगाते मिलने की उम्मीद है। ऐसे में जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी कई मांगों को लेकर प्रबुद्धजनों, युवाओं व अन्य लोगों से परिचर्चा की। इसमें प्रबुद्धजनों, युवाओं, छात्र-छात्राओं ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
पिछले बजट की घोषणाएं रही अधूरी
प्रदेश सरकार ने पिछले साल बजट में जिले में 31 नए महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को संचालित करने की घोषणा की थी लेकिन इन नए स्कूलों में अब भी पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है। इसी प्रकार व्यवसायिक शिक्षा की घोषणा की थी लेकिन जिले में 34 स्कूलों को छोड़कर अन्य स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

ये बोले जिलेवासी…

बजट में घोषित इंग्लिश मीडियम स्कूल चालू हो
राज्य सरकार ने गत वर्ष जिले में करीब 31 महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने की घोषणा की थी। लेकिन अब तक एक भी चालू नहीं हो पाए है और ना ही पढ़ाई शुरू हो सकी है। ऐसे में सरकारी की घोषणाएं केवल कागजों में ही संचालित हो रही है। ऐसे में आगामी बजट में इन स्कूलों को चालू करवाकर पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है।
दिव्यांशी नाथावत,छात्रा, धनौली

वंचित स्कूलों को मिले आईसीटी लैब की सुविधा
सरकार ने पूर्व में स्कूलों में डिजिटलीकरण के लिए उच्च माध्यमिक स्कूलों में आईसीटी लैब की घोषणा की थी लेकिन करीब 90 स्कूलों में अब भी आईसीटी लैब की दरकार है। इसके लिए कई बार शिक्षा अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे लेकिन स्कूलों में कम्प्यूटर की सुविधा नहीं मिली। ऐसे में आगामी बजट में वंचित स्कूलों विद्यार्थियों को कम्प्यूटर की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
आचार्य लोकेन्द्र शर्मा, प्रबुद्धजन, शहर सवाईमाधोपुर

बदहाल है खेल मैदान
चौथ का बरवाड़ा में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान के निर्माण की मांग लगातार की जा रही है लेकिन लोगों को अभी तक निराशा ही हाथ लगी है। हालांकि खेल स्टेडियम के निर्माण को लेकर विधायक ने 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कराई गई थी लेकिन वह भी क्रीड़ा परिषद में अटक गई है। वहीं अन्य स्कूलों के खेल मैदान भी बदहाल है। ऐसे में आगामी बजट में खेल प्रतियोगिताओं के लिए स्कूलों में खेल मैदानों की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सद्दाम लाहौरी, खेलप्रेमी, चौथकाबरवाड़ा

पुस्तकालय की नहीं सुविधा
उपखंड मुख्यालय पर पुस्तकालय की सुविधा नहीं है। ऐसे में लोगों, छात्र-छात्राओं को पुस्तकें पढऩे को नहीं मिलती है। इस बारे में कई संबंध में जनप्रतिनिधि व शिक्षा विभाग को भी अवगत कराया लेकिन मांग पूरी नहीं हो रही है। ऐसे में आगामी बजट में खण्डार में लोगों की हितों को देखते हुए पुस्तकालय खोला जाने की उम्मीद है।
गंगाशंकर गौतम, समाजसेवी, खण्डार

स्कूल भवनों की सुधरे दशा
राज्य सरकार ने सभी माध्यमिक व कुछ उच्च प्राथमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत कर दिया है। लेकिन इन स्कूलों में आज भी भौतिक संसाधन नहीं है। विशेष तौर पर कई विद्यालयों में मरम्मत की दरकार है। वहीं कई स्कूल पुराने भवनों में ही संचालित हो रहे है। इन भवनों की मरम्मत के लिए बजट की राशि आवंटित होनी चाहिए।
चन्द्रशेखर जैमिनी, वरिष्ठ व्याख्याता, सवाईमाधोपुर