6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गंगापुरसिटी अब पूर्ण जिला: इकॉनोमी को मिलेगा बूस्टर

व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

3 min read
Google source verification
गंगापुरसिटी अब पूर्ण जिला: इकॉनोमी को मिलेगा बूस्टर

गंगापुरसिटी अब पूर्ण जिला: इकॉनोमी को मिलेगा बूस्टर

गंगापुरसिटी. आखिरकार गंगापुरसिटी जिला अब पूर्ण रूप से अस्तित्व में आ गया है। इसके लिए राज्य सरकार ने बहुप्रतीक्षित अधिसूचना शुक्रवार को जारी की। जिला बनने के बाद अब सबसे बड़ा बदलाव शहर की इकॉनोमी को बूस्टर मिलेगा। जिला मुख्यालय पर आने वाले विभिन्न विभागों में सैकड़ों कर्मचारी व अधिकारी आएंगे। आसपास के लोग भी सुविधाओं की दृष्टि से गंगापुरसिटी में बसना चाहेंगे। इस कारण यहां पर खरीदारी का जोर रहेगा। साथ ही आसपास के लोगों के लिए जिला मुख्यालय की दूरी घटेगी। अभी तक गंगापुरसिटी उपखण्ड के अंतिम छोर पर बैठे लोगों को 106 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पर जाना पड़ता था।

यह उपखण्ड-तहसील शामिल

उपखण्ड : गंगापुरसिटी, वजीरपुर, बामनवास, टोडाभीम व नादौती

तहसील: गंगापुरसिटी, बामनवास, तलावड़ा, बरनाला, वजीरपुर, टोडाभीम, नादौती

12 लाख जनसंख्या, 7 लाख होंगे मतदाता

नवगठित गंगापुरसिटी जिले की अनुमानित जनसंख्या करीब 12 लाख होगी। वहीं मतदाता करीब 7 लाख होंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र में जनवरी 2023 के अनुसार 2 लाख 74 हजार 191 मतदाता हैं। वहीं गंगापुरसिटी विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 64 हजार 244 मतदाता हैं। इसी प्रकार बामनवास विधानसभा क्षेत्र में करीब 2 लाख 40 हजार मतदाता हैं। इनमें से करीब बामनवास उपखण्ड में 1 लाख 39 हजार मतदाता हैं। तीनों विधानसभा में मिलाकर कुल सात लाख मतदाता शामिल होंगे।

पर्यटन व धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अभी नए जिले में कोई भी पर्यटन स्थल शामिल नहीं हैं। लेकिन पर्यटन व धार्मिक पर्यटन के हिसाब से बामनवास में मोरासागर, चतुर्भुज जी, नादौती में जगदीश भगवान कैमरी, गंगापुरसिटी में धंूधेश्वर धाम को विकसित किया जाएगा तो पर्यटन गतिविधियां बढ़ सकेंगी।

फिलहाल अस्थाई तौर चलेंगे कार्यालय, भूमि चिह्नित, आवंटन का इंतजार

जिला मुख्यालय पर फिलहाल कलक्टे्रट तथा एसपी कार्यालय मिनी सचिवालय में ही संचालित होगा। वहीं ओएसडी ने गंगापुरसिटी परिक्षेत्र की चरागाह व सिवायचक भूमि को चिह्नित कर प्रस्ताव भिजवा दिए हैं। इनके आवंटन के साथ ही बजट अनुसार कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

मिलेगी नई पहचान, बदलेंगे दस्तावेज

अब नवगठित जिले के मुताबिक जिले के लोगों को भी नई पहचान मिलेगी। साथ ही दस्तावेज में भी बदलाव होगा। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह कार्य प्रशासनिक स्तर पर होगा या फिर व्यक्तिगत कराना होगा। इसके लिए राज्य सरकार के दिशा-निर्देश का इंतजार है।

लोगों में छाई खुशी, सजा मिनी सचिवालय

गंगापुरसिटी को जिला बनाने की घोषणा बजट सत्र में की गई थी। इसके बाद मई माह में नए जिले में आधारभूत संरचना बनाने के लिए ओएसडी की नियुक्ति की गई थी। इसके बाद पुलिस ओएसडी देवेन्द्र बिश्नोई की भी नियुक्ति की गई थी। घोषणा के साथ ही गंगापुरसिटी के लोगों में खुशी छा गई। साथ ही ओएसडी को मिठाई खिलाने तथा बधाई देने वालों का तांता लग गया।

आखिर शामिल हुआ टोडाभीम

नवगठित गंगापुरसिटी में आखिरकारी टोडाभीम उपखण्ड को शामिल कर लिया गया है। इसके लिए विधायक की ओर से विरोध किया जा रहा था। साथ ही कुछ पंचायतों को लेकर भी विरोध किया जा रहा था। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विरोध वाली पंचायतों को हटाया गया है या नहीं।

होर्डिंग व कार पर बदला पदनाम

अधिसूचना जारी होते हुए ही मिनी सचिवालय में लगे ओएसडी के साइन बोर्ड को हटाकर उस पर जिला कलक्टर तथा कार पर भी जिला कलक्टर की नाम पट्टिका लगा दी गई।

इनका कहना है

गंगापुरसिटी जिले में शामिल सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई। मेरेे जीवन का सबसे बड़ा सपना आज पूरा हुआ है। इसके लिए मेरे से पहले के जनप्रतिनिधि, शहरवासी, प्रबुद्धजन तथा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जिला बनवाने में सहयोगी रहे लोगों को तहे दिल से आभार। वहीं सीएम को गंगापुरसिटी वासियों की ओर से आभार।

रामकेश मीना, विधायक, गंगापुरसिटी।

नए जिले की अधिसूचना जारी हो गई है। टोडाभीम को शामिल किया गया है, लेकिन पंचायतों का स्पष्टीकरण विस्तृत अधिसूचना प्राप्त होने के बाद हो पाएगा। फिलहाल कलक्टे्रट व एसपी कार्यालय मिनी सचिवालय में चलेगा। वहीं भूमि को चिह्नीकरण कर प्रस्ताव भिजवा रखे हैं, जैसे ही भूमि आवंटित होगी। बजट के अनुसार कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

डॉ. अंजलि राजोरिया, जिला कलक्टर, गंगापुरसिटी।

व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

नया जिला बनने से व्यापार की अपार संभावनाए हैं। विभिन्न कार्यालय खुलने से समस्याओं का निस्तारण होगा। ग्रामीण परिवेश के लोग जिला मुख्यालय पर आएंगे तो खरीदारी बढ़ेगी। इससे इकॉनोमी में बढ़ोतरी होगी।

गिरधारी लाल गुप्ता, अध्यक्ष, नई मण्डी व्यापार मण्डल, गंगापुरसिटी।

बड़ी खबरें

View All

सवाई माधोपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग