गंगापुरसिटी. अहमदपुर पंचायत स्थित गांवड़ी कलां गांव के राजकीय माध्यमिक विद्यालय के एक हॉल की छत मंगलवार सुबह भरभरा कर गिर गई। गनीमत थी कि उस समय वहां कोई नहीं था। हादसे के वक्त विद्यार्थी प्रार्थना सभा में थे। ठीक उसी वक्त जोर की आवाज के साथ विद्यालय के एक हॉल की छत टूट गई। ग्रामीणों का दावा है कि जिस हॉल की छत गिरी उसमें विद्यार्थी बैठते थे, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने इसे सिरे से नकार दिया। प्रधानाध्यापक लक्ष्मीनारायण गुर्जर ने बताया कि विद्यालय के तीन कमरे जर्जर हो चुके हैं। इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को लगभग दो साल पहले ही दे दी, लेकिन हालात जस के तस हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन के तीन हॉल मय बरामदा जर्जर अवस्था में है। इस बारे में विद्यालय प्रशासन ने सीईओ, डीईओ और रमसा सवाईमाधोपुर को पत्र लिखकर बता दिया। रमसा के कनिष्ठ अभियंता ने भी विद्यालय का निरीक्षण कर तीन हॉल मय बरामदे को जर्जर घोषित कर मरम्मत के लिए 4.49 लाख रुपए का प्रारूप तैयार किया था, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते कमरों की मरम्मत कराई गई और ना ही इन्हें ढहाया गया।